रतलाम। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चरणजीत सिंह सपरा के मध्य प्रदेश दौरे का आज दूसरा दिन है। बुधवार को सपरा ने रतलाम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस छोड़ने के सवाल को पर उन्होंने कहा कि जो कायर थे वो संघ में गए और जो बहादुर थे वो जंग में गए।

दरअसल, सपरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाने को लेकर पत्रकारों ने सवाल पूछे। जिसके जवाब में उन्होंने कहा, 'ये एक जंग चल रही है कि एक इंकलाब आ रहा है…जैसे 1974 में इंकलाब आया था। उस समय में जो कायर थे वो संघ (RSS) में गए, जो बहादुर थे वो जंग में गए….तो जो बहादुर हैं वो हमारे साथ हैं…जो कायर हैं वो संघ के साथ हैं। ये सीधी बात है।'

चरण सिंह सपरा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ कांग्रेस के लोग पार्टी छोड़कर भाजपा में जा रहे हैं, जबकि भाजपा के लोग भी कांग्रेस में आ रहे हैं। हमारे यहां आउटगोइंग है तो इनकमिंग भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के तीन विधायक ने भाजपा से समर्थन वापस लेकर कांग्रेस को समर्थन दे दिया है, तो वहीं महाराष्ट्र के महापौर भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। ऐसा नहीं है कि कांग्रेस में सिर्फ आउटगोइंग है।

बता दें कि रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को चुनाव है। यहां कांग्रेस ने अपने सीनियर नेता कांतिलाल भूरिया को मैदान में उतारा है। भूरिया के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा बुधवार को रतलाम पहुंचे थे। जहां उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। वहीं, गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी रतलाम पहुंच रहे हैं।