इंदौर। इंदौर में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में कई स्थानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी वारदात चंदन नगर थाना क्षेत्र के सिंहासा गांव स्थित राम मंदिर से सामने आई है। मंदिर से चोरों ने न केवल दान पेटी तोड़कर करीब तीन लाख रुपये नकद चुरा लिए बल्कि भगवान के बेशकीमती आभूषण भी लेकर फरार हो गए। मंदिर जैसी आस्था की जगह पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह जब मंदिर के पुजारी नरेंद्र पाठक रोज की तरह मंदिर पहुंचे और ताला खोलने का प्रयास किया तब उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दान पेटी से नकदी गायब थी और भगवान के आभूषण भी चोरी हो चुके थे। बताया जा रहा है कि चोरों ने दान पेटी को तोड़ने की कोशिश की और उसमें रखी लगभग तीन लाख रुपये की राशि लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी मंदिर परिसर में जमा हो गए और तत्काल चंदन नगर पुलिस को बुलाया गया।
यह भी पढ़ें:किडनैपिंग से कांपी दिल्ली, हर दिन गायब हो रहे 27 लोग, जनवरी में 800 से ज्यादा लोग हुए लापता
पुलिस को मंदिर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी हैं। फुटेज में आरोपी बाइक से आते और जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश करने का दावा कर रही है लेकिन अब तक किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं और रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
राम मंदिर की वारदात के अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों से भी चोरी की खबर सामने आई है। तिलक नगर थाना क्षेत्र के गोयल नगर में रहने वाले कुलभूषण जैन के घर अज्ञात चोरों ने घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और सोने का गले का सेट, डायमंड सेट, सोने के टॉप्स और चांदी की पायल सहित अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घर में हुई इस बड़ी चोरी के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:MP: सागर के शाहगढ़ में नर्स की हत्या, CHC के मेन गेट पर गोली मारकर हमलावर फरार
इसी तरह एरोड्रम थाना क्षेत्र की बी पद्मालय कॉलोनी में रहने वाले हर्षवर्धन सिंह राठौर के घर भी चोरों ने धावा बोला। आरोपी घर से एक लैपटॉप, ऊपर की मंजिल से चांदी के नारियल, चांदी के सिक्के, नकद रुपये और महंगे कपड़े तक समेटकर फरार हो गए। लगातार अलग-अलग इलाकों में हुई इन चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।