उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक भाजपा नेता की पत्नी, बेटा और बेटी चार दिन से लापता है। तीनों के साथ घर से लाखों रुपए भी गायब है। भाजपा नेता दीपक शर्मा अपनी पत्नी, बेटी और बेटा की तलाश में सभी रिश्तेदार-मित्रों को फोन कर चुके हैं। 1 जून को चिमनगंज पुलिस ने तीनों की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

ढांचा भवन में रहने वाले दीपक शर्मा भाजपा के 168 नंबर सांदीपनि बूथ के अध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि परिवार में पत्नी सीमा (45), बेटी पलक शर्मा (21) और बेटा रूद्र शर्मा (14) हैं। सोमवार सुबह 8:30 बजे वह अपने काम से घर से निकले थे। दोपहर में लौटे तो देखा कि घर पर ताला लगा है। चाबी पड़ोसी के पास रखी थी। पड़ोसियों ने बताया कि पत्नी और बच्चे किसी रिश्तेदार की मौत की बात कहकर घर से निकले थे।

दीपक ने बताया कि उन्होंने शाम तक इंतजार किया। फिर कॉल की तो पत्नी-बेटी के फोन बंद मिले। इसके बाद सभी रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया, कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली। आज चार दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

दीपक ने कहा कि घर में रखे पौने चार लाख रुपए भी गायब हैं। शायद परिवार वाले ही ये रुपए लेकर गए हैं। ये रकम प्रॉपर्टी डील से जुड़े थे और मुझे किसी को पेमेंट करना था। घर में कोई पत्र या नोट भी छोड़कर नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी जवान बेटी भी उनके साथ है। उसकी चिंता हो रही है। वह हाल ही में 12वीं क्लास में फर्स्ट डिवीजन से पास हुई थी। कालिदास कॉलेज में उसका एडमिशन कराया था।