देहरादून। उत्तरकाशी में विभत्स बस हादसे के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देर रात देहरादून पहुंचे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और उत्तरकाशी में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

सीएम चौहान घायल श्रद्धालुओं को देखने के लिए देर रात देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। इलाज के संबंध में डॉक्टर्स से भी चर्चा की।





सीएम शिवराज ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों के पार्थिव शरीर भारतीय वायु सेना के विमानों से खजुराहो, मध्य प्रदेश लाए जाएंगे वहां से उनके शवों को सरकारी वाहनों की मदद से उनके गांव ले जाया जाएगा। मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की राशि और गंभीर रूप से घायलों को 50000 रुपए की राशि दी जाएगी। घायलों के निशुल्क इलाज की व्यवस्था की जाएगी। आज सीएम शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के घटनास्थल का दौरा करने भी जाएंगे।



यह भी पढ़ें: चारधाम यात्रा: मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस खाई में गिरी, 23 की मौत



गौरतलब है कि रविवार को उत्तरकाशी जाने वाली श्रद्धालुओं की बस यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास खाई में गिर गई थी। बस में 30 श्रद्धालु सवार थे जिनमें से 26 लोगों की मौत हो गई थी और घायलों को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले थे।



इस विभत्स बस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए एवं घायलों को 50000 रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की है।