सतना। मध्य प्रदेश के सतना में एक सेल्स गर्ल के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है, यहां एक कपड़ा व्यापारी सेल्स गर्ल के साथ आठ माह तक उसका शोषण करता रहा, युवती ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए मामला दर्ज कराया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक मामला सतना के मैहर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोपी के नाम की पुष्टि अश्वनी जिवानी के रूप में हुई है, वह एक कपड़ा व्यापारी है, उसकी मैहर के कटरा बाजार में दुकान है। युवती ने पुलिस में शिकायत की है की कपड़ा व्यापारी अश्वनी जिवानी ने 20 वर्षीय सेल्स गर्ल को झांसे में लेकर उसके साथ आठ माह पहले दुष्कर्म किया। फिर उसका वीडियो बनाकर उसको ब्लेकमेल करने लगा था। 

लोक लाज के भय से युवती भी खामोश रह कर उसकी ज्यादतियां सहती रही। एक दिन हिम्मत जुटाकर युवती ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ उसने थाना पहुंच कर अश्वनी जिवानी की करतूतें पुलिस को बताई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।