भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में भाभी-देवर के पवित्र रिश्ते को तार-तार करने वाला दुष्कर्म का मामला सामने आया है। टीटी नगर में रहने वाली एक औरत ने अपने देवर पर पिछले आठ महीने से डरा-धमकाकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। भाभी का आरोप है कि देवर ने उसे जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर लगातार आठ महीने तक दुष्कर्म किया। महिला बीती रात टीटी नगर थाने में अपने पति के साथ पहुंची और देवर के खिलाफ केस दर्ज़ कराया।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक लॉकडाउन लगने से पहले वह अपने पति और बच्चों के साथ पन्ना में अपनी ससुराल गई थी। लॉकडाउन शुरू होने के कारण उसे पन्ना में ही रहना पड़ा। 25 वर्षीय महिला ने कहा कि मई के महीने में जब वह खेत में थी, उसके बड़े ससुर का बेटा अभिषेक अचानक खेत में पहुंच गया। महिला का आरोप है कि देवर ने उसके साथ जबरन बलात्कार किया। महिला के मुताबिक देवर ने जान से मारने और समाज की नज़रों में बदनाम करने की धमकी देकर उसे चुप्पी साधने के लिए कहा। महिला भी लोकलाज के कारण चुप हो गई। लेकिन उसका देवर इसी बात का फायदा उठाते हुए उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा।

महिला के मुताबिक यह सिलसिला वहीं नहीं थमा। जब वो वापस भोपाल आई तो उसका देवर यहां भी पहुंच गया। महिला के पति दुकान चलाते हैं। महिला का आरोप है कि जिस समय उसके पति दुकान पर थे उसने एक बार फिर डरा-धमकाकर देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने पुलिस को बताया कि बीते 24 जनवरी को एक बार फिर उसका देवर भोपाल पहुंचा और सीधे उसके पति की दुकान पर आ गया। उस वक्त महिला भी अपने पति के साथ ही दुकान पर ही मौजूद थी। वहां पहुंचकर देवर ने कहा कि अब महिला उसी के साथ रहेगी, अपने पति के साथ नहीं। महिला के मुताबिक इस दौरान उसके पति और देवर में काफी झगड़ा भी हुआ। 

देवर के साथ झगड़ा होने के बाद जब पति ने अपनी पत्नी से पूरा माजरा पूछा तो उसने सारी आपबीती अपने पति को बताई। इसी के बाद दोनों ने पुलिस थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ साथ इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। महिला के आरोपों में कितनी सच्चाई है यह आरोपी के सामने आने और पूरे मामले की जांच के बाद ही पता चल पाएगा। हाल ही में इंदौर में एक ऐसी घटना सामने आ चुकी है, जब युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, लेकिन 24 घंटों के भीतर ही वह अपने आरोपों से मुकर गई। बाद में उस युवती ने कहा कि युवक के पास उसके कुछ वीडियो थे, इसलिए उसने अपने पूर्व प्रेमी को झूठे मामले में फंसाने की योजना बनाई थी।