भोपाल। शिवराज सरकार में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने एक बार फिर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। यशोधरा राजे सिंधिया ने मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में आई बाढ़ के लिए भू माफियाओं को जिम्मेदार ठहराया है। यशोधरा ने कहा है कि जब तालाब को काट कर कॉलोनियों का निर्माण होगा, तब ऐसे हालात निर्मित ही होंगे। 

यशोधरा राजे सिंधिया गुरुवार को शिवपुरी दौरे पर थीं। शिवपुरी के भी कई गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। विधायक होने के नाते यशोधरा राजे सिंधिया क्षेत्र का जायजा लेने पहुंची। लेकिन वहां पहुंच कर उन्होंने सरकारी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। 

दौरे पर यशोधरा ने कहा कि रियासत काल में जो ताल तलैया हुआ करते थे, उन्हीं को काटकर कॉलोनियां बसाई गई हैं। जबकि नालों में मकान बनाए गए हैं। यशोधरा ने भू माफियाओं को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि हमें यह पता करना होगा कि कितनी जगहों पर ऐसे तालाब और नालों को काटकर कॉलोनियां और मकान बनाए गए हैं। 

यह पहली बार नहीं है जब यशोधरा राजे सिंधिया ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले भी यशोधरा राजे सिंधिया और शिवराज कैबिनेट में मंत्रियों की नोकझोंक की खबरें आती रही हैं। अब एक तरफ जहां बीजेपी के विधायक जहां बाढ़ के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं, तो खुद शिवराज सरकार में ओहदेदार मंत्री यशोधरा राजे सरकार की कार्यप्रणाली पद सवाल उठा रही हैं। कांग्रेस भी शिवराज सरकार पर भूमाफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाती रही है।