इंदौर में गहराया जल संकट, टैंकरों पर निर्भर हुए हजारों परिवार, विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भीषण जल संकट छा गया है। कई इलाकों में 2-2 दिन पानी नहीं आ रहा है। जिससे लोग टैंकरों पर निर्भर हैं। पानी की किल्लत से नाराज जनता चक्काजाम और मटके फोड़कर प्रदर्शन कर रही है।
इंदौर। देश में लगातार आठ बार स्वच्छता में नंबर-1 रहने वाला इंदौर इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। शहर के कई इलाकों में दो-दो दिन तक पानी नहीं पहुंच रहा है। जिसकी वजह से हजारों परिवारों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। कई जगहों पर पानी की किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन, चक्काजाम और मटके फोड़ने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में जल संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। कई कॉलोनियों में नियमित जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को दूर-दूर तक पानी भरने जाना पड़ रहा है। महिलाएं सुबह से खाली बर्तन लेकर लाइन में खड़ी दिखाई दे रही हैं। जबकि, कई मोहल्लों में लोग घंटों टैंकरों का इंतजार कर रहे हैं। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि टैंकर पहुंचते ही पानी भरने को लेकर विवाद और झड़पें होने लगी हैं। घरों के बाहर पहले से ड्रम, टंकियां और बाल्टियां सजाकर रखी जा रही हैं ताकि पानी आते ही भराव किया जा सके।
यह भी पढ़ें:देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: अस्पताल में भर्ती 2 और लोगों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हुई
जल संकट अब राजनीतिक रूप भी ले चुका है। शहर के कई इलाकों में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किए। कांग्रेस ने नगर निगम के सभी 22 जोन कार्यालयों पर प्रदर्शन कर खाली मटके फोड़े और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। तपेश्वरी बाग स्थित पानी की टंकी पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यहां प्रदर्शन के दौरान हाइड्रेंट तोड़ दिए गए। जिसके बाद नगर निगम कर्मचारियों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विकास नगर में पानी की मांग को लेकर महिलाएं और पुरुष सड़क पर बैठ गए। यहां स्थानीय पार्षद के साथ मिलकर लोगों ने रोड जाम कर दिया। वहीं, वीणा नगर में टंकी पूरी नहीं भरने से नाराज रहवासियों ने धरना दिया। कई इलाकों में लोगों ने जनप्रतिनिधियों के घरों का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।
यह भी पढ़ें:10 दिन में तीसरी बार बढ़े ईंधन के दाम, पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे और CNG 1 रूपये हुआ महंगा
नगर निगम का कहना है कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट और आधे से अधिक बोरिंग सूख जाने के कारण यह संकट पैदा हुआ है। निगम प्रशासन के अनुसार, नर्मदा परियोजना की टंकियों से सप्लाई के साथ-साथ शहर में 616 किराए के टैंकर और 79 नगर निगम के टैंकरों के जरिए मुफ्त पानी वितरित किया जा रहा है।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई ड्राइवर, क्लीनर या अन्य व्यक्ति पानी के बदले पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत कंट्रोल रूम नंबर 8889855520, मोबाइल नंबर 9244998811 या 311 ऐप पर करें। इस बीच गुरुवार को नगर निगम कमिश्नर ने रानी सती गेट इलाके में एक संदिग्ध टैंकर की जांच की। टैंकर पर निगम का अधिकृत स्टीकर नहीं लगा था। कमिश्नर उसके पीछे-पीछे पार्श्वनाथ जैन कॉलोनी तक पहुंचे और वहां लोगों से पूछताछ की।
यह भी पढ़ें:भारत में गर्मी का कहर, दुनिया के सबसे गर्म 22 शहर यहीं, 47 डिग्री पार पहुंचा पारा
जांच में सामने आया कि पानी सप्लाई के बदले लोगों से पैसे वसूले जा रहे थे। इसके बाद टैंकर जब्त कर संबंधित एजेंसी पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसी तरह लसूडिया मोरी क्षेत्र में भी बिना स्टीकर वाले दो टैंकर पकड़े गए। नगर निगम ने इन पर 10-10 हजार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले भी एमआईसी सदस्य द्वारा एक टैंकर को पकड़ने की कार्रवाई की जा चुकी है।




