कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बुधवार सुबह 7 बजे रहस्यमय हालात में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। आग में चार लोग जिंदा जल गए। घटना कुशीनगर के कप्तानगंज कस्बे की है। यहां मंगल की बाजार में रिहायशी एरिया में स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल बताए जा रहे हैं।

पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से सुबह-सुबह पूरा इलाका दहल गया। गोदाम में रखे पटाओं की आवाज सुन और उठता धुआं देख पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकलकर्मियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में करीब 3 घंटे का वक्त लगा। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग आसपास के घरों में भी जा पहुंची थी।

जानकारी के मुताबिक, गोदाम में आग पटाखों से होते हुए वहां रखे गैस सिलेंडर तक जा पहुंची और सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। घर की छत के भी परखच्चे उड़ गए। वहीं 12 लोग आग की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि दिवाली नजदीक होने की वजह से बुधवार सुबह गोदाम में लोग पटाखे बना रहे थे और उसी वक्त विस्फोट हो गया। सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार सिंह, एडिशनल एसपी अयोध्या प्रसाद सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि 12 लोग आग में झुलस गए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।