नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2025 की वोट काउंटिंग पूरी हो गई। इस बार DUSU चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का दबदबा देखने को मिला। ABVP के आर्यन मान स्टूडेंट यूनियन के प्रेसिडेंट बने हैं। NSUI के राहुल झांसला ने उपाध्यक्ष पद पर बाजी मारी है।
DUSU के सेंट्रल पैनल की 4 में से 3 सीटों पर ABVP ने अपना दबदबा बनाया है। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा है। जबकि यहां लेफ्ट विंग का खाता तक नहीं खुला। दिलचस्प है कि इस बार के चुनाव में सबसे अधिक वोट NSUI के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार को मिले। उन्होंने 29339 वोट हासिल किए।
ये रहे चुनाव नतीजे
अध्यक्ष पद: ABVP के आर्यन मान को 28841 वोट मिले, NSUI प्रत्याशी जोसलिन नंदिता चौधरी को 12645 वोट से संतोष करना पड़ा।
उपाध्यक्ष पद: NSUI के राहुल झांसला ने 29339 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। ABVP प्रत्याशी गोविंद तंवर को महज 20547 वोट मिले।
सचिव पद: ABVP के कुणाल चौधरी 23779 वोट लाकर विजयी रहे। जबकि NSUI प्रत्याशी कबीर को 16177 वोट मिले।
संयुक्त सचिव पद: ABVP की दीपिका झा ने 21825 वोट लाकर जीत हासिल की। NSUI के लवकुश भड़ाना को 17380 वोट प्राप्त हुए।
बता दें कि 2024 के दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में NSUI ने अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद कब्जा जमाया था। रौनक खत्री अध्यक्ष बने थे और और लोकेश चौधरी संयुक्त सचिव पद पर जीते थे। वहीं ABVP के भानु प्रताप ने उपाध्यक्ष और मित्रविंदा करणवाल ने सचिव पद पर जीत दर्ज की थी। पिछले साल के मुकाबले इस बार NSUI को एक सीट गंवानी पड़ी।