नई दिल्ली। देश में LPG सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम राजधानी दिल्ली में 42 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं। वहीं कोलकाता में कीमतों में 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इसकी कीमत 3113.50 रुपए हो गई है। पहले ये 3071.50 रुपए में मिल रहा था।
ज्यादातर प्रवासी मजदूर, दूसरे राज्यों और शहरों से पढ़ाई करने आए छात्र और जॉब करने वाले युवा आम तौर पर जिस 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते रहे हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं।
5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपए का इजाफा किया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इस सिलेंडर की कीमत 821.50 रुपए हो गई है।
इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और ATF, यानी हवाई जहाज के ईंधन पर नई एक्सपोर्ट ड्यूटी आज से लागू हो गई है। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी असर पड़ेगा। चूंकि, इससे रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च बढ़ेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली महंगी कर सकते हैं। शादियों की कैटरिंग भी महंगी हो सकती है।
इस साल जनवरी से अब तक, दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमत कई बार बढ़ने के बाद 1691.50 रुपये से बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है। इसकी मुख्य वजह लॉजिस्टिक्स में रुकावटों के कारण LPG की सप्लाई सुनिश्चित करने में आ रही चुनौतियां बताई जा रही है। ईरान युद्ध के बाद खाड़ी और मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक कीमतों में हुई बढ़ोतरी है।
अभी 2 दिन पहले ही दिल्ली और आस-पास के शहरों में CNG की कीमतें बढ़ाई गई हैं। CNG के दाम में प्रति किलो 2 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। देश की सबसे बड़ी सिटी गैस कंपनी, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के अनुसार, CNG की कीमत अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जो पहले 81.09 रुपये थी। CNG के दाम बढ़ने के 2 दिन के भीतर ही अब कमर्शियल गैस सिलेंडर और छोटू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए।