भोपाल। मंगलवार रात एअर इंडिया की दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट को तकनीकी  खराबी के चलते भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के कार्गो सेक्शन से इमरजेंसी वॉर्निंग सिग्नल मिला था। एहतियात के तौर पर पायलट ने तत्काल भोपाल एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और रात 8:15 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया।

एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि फ्लाइट की यह लैंडिंग एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया के तहत कराई गई थी। ऐसा तब किया जाता है जब सिस्टम में किसी प्रकार की अनयूजुअल स्थिति का पता चलता है। उन्होंने कहा कि विमान में कुल 172 लोग सवार थे। सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। विमान की जांच और रिफ्यूलिंग की जा रही है। अगर सब कुछ सामान्य पाया गया तो इसी विमान से यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा।

इससे कुछ ही घंटे पहले एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट को भी मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। एयरलाइन ने बताया कि उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका होने पर यह कदम उठाया गया। एअर इंडिया ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी कि 2 नवंबर की फ्लाइट AI174 ने उलानबटार में सुरक्षित लैंडिंग की है और तकनीकी टीम विमान की जांच में जुटी है। एयरलाइन यात्रियों की मदद कर रही है ताकि उन्हें जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। विदेश मंत्रालय ने भी मंगोलिया में फंसे यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए संपर्क साधा है।

एअर इंडिया और अन्य एयरलाइंस की फ्लाइट्स में हाल के महीनों में इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। 17 अक्टूबर को एअर इंडिया की इटली के मिलान से दिल्ली आ रही फ्लाइट तकनीकी दिक्कत के कारण रद्द करनी पड़ी थी। उस समय फंसे 256 यात्रियों को दो दिन बाद स्पेशल फ्लाइट से भारत लाया गया था।

29 अक्टूबर को देहरादून से बेंगलुरु जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट ने 53 मिनट तक हवा में रहने के बाद देहरादून एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान की एक पक्षी से टक्कर हो गई थी। हालांकि, सभी 170 यात्री सुरक्षित बच गए।

1 सितंबर को पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट को भी उड़ान के एक घंटे बाद तकनीकी खराबी के चलते वापस पुणे एयरपोर्ट लौटना पड़ा था। इसी तरह 25 अगस्त को कजाकिस्तान के अल्माटी से दिल्ली आ रही अस्ताना एयरलाइंस की फ्लाइट खराब मौसम के कारण दिल्ली की बजाय जयपुर एयरपोर्ट पर उतारी गई थी।

31 अगस्त को दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2913 के इंजन में उड़ान के कुछ देर बाद आग लगने का अलर्ट मिला। पायलट ने फौरन एक इंजन बंद कर विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई। इसके बाद 29 अगस्त को देहरादून से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट को तकनीकी खराबी की वजह से जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।

लगातार सामने आ रही इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाओं ने एयरलाइंस की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी एअर इंडिया और अन्य एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। फिलहाल भोपाल में उतारी गई एअर इंडिया की फ्लाइट की गहन जांच जारी है और सभी यात्रियों को एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं।