नई दिल्ली। अज्ञात लोगों द्वारा आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के घर पर कालिख पोते जाने के बाद आप नेता ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप नेता ने कहा है कि चाहे उनकी हत्या हो जाए, लेकिन वे मंदिर का चंदा नहीं चोरी होने देंगे। संजय सिंह ने अपने घर पर कालिख पोते जाने को लेकर दावा किया है कि यह हरकत भाजपा से जुड़े लोगों ने की है। 





संजय सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, 'मेरे घर पर हमला हुआ है।कान खोलकर सुन लो भाजपाइयों चाहे जितनी गुंडागर्दी कर लो प्रभु श्री राम के नाम पर बनने वाले मंदिर में चंदा चोरी नही करने दूँगा।इसके लिए चाहे मेरी हत्त्या हो जाय।' 



यह भी पढ़ें : बंगाल में बीजेपी की मुश्किलें बढ़ीं, टीएमसी में शामिल हो सकते हैं बीजेपी के 24 विधायक





दरअसल संजय सिंह ने रविवार को राम मंदिर ट्रस्ट के एक ज़मीन घोटाले को उजागर किया था। इसके बाद से ही संजू सिंह राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव चंपत राय पर हमलावर हैं। संजय सिंह का कहना है कि देश भर के लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। देश भर के लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए चार हजार करोड़ से भी अधिक की राशि दी। लेकिन इसका उपयोग घोटाला करने में किया गया। संजय सिंह ने इस घोटाले को मनी लॉन्ड्रिंग करार दिया था। 



यह भी पढ़ें : हर फैसला अपनी मनमर्जी से ले रहे हैं चंपत राय, ज़मीन घोटाले के विवाद के बीच ट्रस्ट ने ही लगा दिए चंपत राय पर गंभीर आरोप



दूसरी तरफ राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है। जबकि ट्रस्ट के लोग ही चंपत राय पर आरोप लगाना शुरू कर चुके हैं। ट्रस्ट के कमलनयन दास ने चंपत राय पर आरोप लगाया है कि वे पिछले एक साल से लगातार अपनी मनमर्जी के फैसले ले रहे हैं। फैसले से पहले वे किसी की राय शुमारी लेने तक की जहमत नहीं उठाते। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी ज़मीन घोटाले से जुड़े इस विवाद में अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।