बेंगलुरु। कर्नाटक में ईसाई समुदाय की एक प्रार्थना सभा के दौरान कट्टर हिंदू संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ता अचानक प्रार्थना कक्ष में दाखिल हो गए। प्रार्थना कक्ष में दाखिल हो कर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना को रुकवा दिया। इस दौरान उन्होंने ईसाई महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की। 

यह मामला कर्नाटक के हासन ज़िले का बताया जा रहा है। रविवार को बेलूर क्षेत्र में ईसाई समुदाय के कुछ लोग प्रार्थना कर रहे थे। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता अचानक प्रार्थना स्थल पर आ धमके और जबरन उन्होंने प्रार्थना रुकवा दी। इस दौरान कट्टरपंथी संगठन के कार्यकर्ता ईसाई महिलाओं के साथ बहस करते भी नज़र आए। 

बेलूर क्षेत्र में विवाद होने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच विवाद को शांत कराया। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 

कर्नाटक में ईसाई समुदाय के लोगों के साथ ऐसे बर्ताव का यह पहला मामला नहीं है। सितंबर महीने में ही कर्नाटक के हुबली जिले में स्थित एक अस्थाई चर्च में बजरंग दल के कार्यकर्ता घुस गए थे। चर्च में घुसने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भजन गए थे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की इस हरकत पर भी काफी विवाद खड़ा हुआ था।