दिल्ली में जंतर मंतर पर प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पार्टी के आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट (SEM) ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इसी मामले में गिरफ्तार अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। तीनों को मंगलवार को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने रात करीब 3 बजे उन्हें एहतियातन गिरफ्तार कर लिया था।

CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्रवाई की जानकारी दी। उनके मुताबिक, नेताओं पर बिना अनुमति जंतर मंतर में प्रवेश करने, पहले से तय बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। आशुतोष रांका और सौरव दास को तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है।

इससे पहले 10 अक्टूबर को भी CJP के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में पार्टी ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी दौरान पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से ही हिरासत में ले लिया गया था।

अगले दिन यानी 11 अक्टूबर को तीनों को दिल्ली कैंट स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया था। अदालत की कार्रवाई के बाद उन्हें 50-50 हजार रुपये के जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया गया था। रिहाई के साथ एक साल तक शांति बनाए रखने और ऐसी किसी गतिविधि में शामिल नहीं होने की शर्त रखी गई थी जिससे शांति भंग होने की आशंका हो। इसके लिए नेताओं से बॉन्ड पर हस्ताक्षर भी कराए गए थे।

CJP ने 12 अक्टूबर को एक बार फिर जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। पार्टी की मांग थी कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

इसी बीच केंद्र सरकार ने जंतर मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया था। करीब 33 साल पहले जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय किया गया था। अन्ना आंदोलन, पहलवानों के विरोध और CJP के धरने जैसे कई बड़े प्रदर्शन यहां हो चुके हैं।

गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी की सिफारिश के बाद दिल्ली में प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को निर्धारित स्थलों में शामिल किया गया है। जंतर मंतर को सूची से हटाए जाने के बाद अब यहां प्रदर्शन आयोजित करने के लिए पहले जैसी व्यवस्था लागू नहीं रहेगी।