टीम इंडिया के उभरते क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की रिंग सेरेमनी लखनऊ के 'द सेंट्रम' होटल में हुई। रिंकू और प्रिया एक-दूसरे का हाथ पकड़कर हॉल में पहुंचे। स्टेज पर रिंकू ने प्रिया को रिंग पहनाई, तो वह भावुक हो गईं और फफक कर रो पड़ीं। इस दौरान रिंकू उन्हें संभालते नजर आए।
इसके बाद दोनों ने हाथ उठाकर प्यार का इजहार किया और सेरेमनी में आए लोगों को थैंक्यू कहा। इस दौरान प्रिया ने पिंक लहंगा पहना हुआ था, जबकि रिंकू व्हाइट शेरवानी में नजर आए। बैकग्राउंड में शाहरुख खान की फिल्म ‘डंकी’ का गाना ओ माही, ओ माही बज रहा था। रिंग सेरेमनी के बाद रिंकू और प्रिया ने केक काटा और एक-दूसरे को खिलाया।
प्रिया सरोज की सगाई के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, सपा सांसद डिंपल यादव, जय बच्च, सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत कई दिग्गज एक साथ एक छत के नीचे दिखे। साथ ही बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की इंगेजमेंट में पहुंचे।
क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 में हुआ था। प्रिया एक नेता और वकील हैं। मौजूदा समय में प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सदस्य है। इतना ही नहीं, प्रिया सरोज ने 2024 लोकसभा चुनाव में पहली बार हाथ आजमाया था और वो सांसद बनकर लोकसभा पहुंच गई है। प्रिया लोकसभा के लिए चुनी गई सबसे युवा उम्मीदवारों में से एक हैं, तब उनकी उम्र 25 साल थी। प्रिया सरोज तीन बार के सांसद और मौजूदा विधायक तुफानी सरोज की बेटी हैं।