दिल्ली। उपराज्यपाल अनिल बैजल कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीटर पर दी है। उन्होंने बताया है कि उनमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं, जिसके बाद उन्होंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है। उपराज्यपाल ने अपील की है कि उनके संपर्क में आए लोग भी अपनी कोरोना जांच करवा लें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। एलजी अनिल बैजल ने बताया है कि वे अपने सरकारी आवास में हैं, और डाक्टरों के निर्देश पर इलाज ले रहे हैं। उन्होंने कहा है कि वे अपने घर से दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर नजर रखे हैं और कार्य संचालन कर रहे हैं।



 





गौरतलब है कि उप राज्यपाल दिल्ली में कोरोना के विरुद्ध जारी लड़ाई पर पैनी नजर रखे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने एक मई से शुरू होने वाले 18 साल से ज्यादा के लोगों के कोरोना वैक्सीनेशन पर दिल्ली की तैयारियों की रिपोर्ट मुख्य सचिव विजय देव से तलब की थी।   



दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल 1969 बैच के IAS आफीसर हैं। वे 2006 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से रिटायर्ड हो चुके हैं। वे अटल बिहारी वाजपेयी मंत्रिमंडल में गृह सचिव के पद पर थे। वे दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे 2006 में केंद्रीय शहरी विकास सचिव के पद से रिटायर्ड हुए हैं।



 



दिल्ली बीते 24 घंटों में कोरोना के 24,235 नए मरीज मिले हैं। दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11,22,286 तक पहुंच गया है। दिल्ली की पॉजिटिविटी रेट 32.82 प्रतिशत है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में 395 मरीजों की मौत हुई है। जिसके बाद दिल्ली में कोरोना से मरने  वालों की कुल संख्या 15,772 हो गई है। वहीं अब तक 10.08 लाख से ज्यादा मरीज रिकवर हो चुके हैं। राजधानी में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 97,977 है।