नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह का सिंगापुर में निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे। लंबे समय से बीमार अमर सिंह का सिंगापुर में इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि वे पिछले डेढ़ महीने से आईसीयू में थे।अमर सिंह पिछले करीब एक दशक से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। सिंगापुर में ही कुछ सालों पहले उन्होंने कि़डनी ट्रांसप्लांट भी कराया था। आज सुबह अमर सिंह ने ट्विटर पर ईद की बधाई दी थी और स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया।

अमर सिंह समाजवादी पार्टी के महासचिव भी रह चुके थे। मुलायम सिंह यादव से घनिष्ठ संबंध की वजह से एक वक्त अमर सिंह देश के सबसे चर्चित नेताओं के श्रेणी में शुमार किए जाते रहे। लेकिन समाजवादी पार्टी में पारिवारिक विघटन का खामियाज़ा अमर सिंह को भी भुगतना पड़ा और वो  समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद खुलकर नरेंद्र मोदी और बीजेपी की तारीफ करने लगे। 

अमर सिंह 1996 में पहली बार उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के लिए चुने गए थे। वे 2003 और 2016 में भी राज्यसभा के लिए चुने गए। 2010 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था और फिर उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था।

अमर सिंह के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि  दी है। 

अमर सिंह के निधन पर राज्यसभा के सभापति और उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने एक संदेश में कहा, “मैं अमर सिंह के असमय निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”