अमृतसर। मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर सोमवार देर रात कथित फायरिंग की सूचना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावर घर के बाहर पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में हुई। वहां कपिल शर्मा का परिवार रहता है। हालांकि, पुलिस ने अब तक गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई उस वक्त घर के अंदर कपिल शर्मा की बहन और जीजा मौजूद थे। जबकि, कपिल खुद काम के सिलसिले में मुंबई में थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

यह भी पढ़ें:भोपाल के रचना टॉवर में भीषण आग, इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से पार्किंग में खड़ी कारें जलीं

मामले को लेकर अमृतसर पुलिस फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए है। एसीपी कमलजीत सिंह औलख ने कहा कि अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं एसएचओ के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, घर में कपिल शर्मा की बहन रहती हैं लेकिन अभी तक किसी तरह की आधिकारिक शिकायत या फायरिंग की पुष्टि दर्ज नहीं की गई है।

वहीं, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ गैर जिम्मेदार लोग घटना को लेकर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं। ऐसे में लोगों को केवल पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।

यह भी पढ़ें:रीवा में जैन साध्वियों की मौत पर आक्रोश, संत सुरक्षा नीति की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन

इस घटना के बाद एक बार फिर कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर हुए हमले चर्चा में आ गए हैं। ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में मौजूद इस कैफे पर पिछले एक साल में कई बार गोलीबारी हो चुकी है। जुलाई 2025 में कैफे पर पहली बार हमला हुआ था जब हमलावरों ने करीब 9 राउंड फायरिंग की थी। बाद में इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाड्डी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट ने ली थी।

इसके बाद अगस्त 2025 में कैफे पर दोबारा हमला हुआ। उस दौरान कैफे की खिड़कियों पर कई गोलियों के निशान मिले थे और कांच टूट गए थे। जांच में घटनास्थल से ज्वलनशील पदार्थ भी बरामद होने की बात सामने आई थी। उस समय लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हुई थी। जिसमें हमले की जिम्मेदारी ली गई थी।

यह भी पढ़ें:देश में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपए और डीजल 95.20 रुपए हुआ

अक्टूबर 2025 में कैफे को तीसरी बार निशाना बनाया गया था। देर रात चलती गाड़ी से कैफे पर कई राउंड गोलियां चलाई गई थी। घटना के समय कुछ स्टाफ सदस्य अंदर मौजूद थे। हालांकि, उस दौरान किसी को चोट नहीं आई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। इसके अलावा मई 2026 में कैफे के पास स्थित एक अन्य आउटलेट के बाहर भी फायरिंग हुई थी। जिसके बाद सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा और कैफे मालिक को धमकी देने वाले संदेश वायरल हुए थे।

इन घटनाओं के बाद रंगदारी और धमकी के एंगल से भी जांच की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या अमृतसर की घटना का संबंध कनाडा में हुई पिछली घटनाओं से है।

यह भी पढ़ें:ट्विशा शर्मा केस: दोबारा पोस्टमार्टम के बाद हुआ एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि

पहले हुए हमलों के बाद कपिल शर्मा ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे और उनका परिवार डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने हिंसा के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहने की बात कही थी और सुरक्षा एजेंसियों का समर्थन करने के लिए धन्यवाद भी दिया था। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया था कि कपिल शर्मा के किसी पुराने कॉमेडी शो या कंटेंट को लेकर विवाद पैदा हुआ था। जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिली थी। हालांकि, इस कथित टिप्पणी को लेकर कभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।