देश में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपए और डीजल 95.20 रुपए हुआ
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर भारी बढ़ोतरी हुई है। 11 दिनों में चौथी बार दाम बढ़ने से दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया।
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार 25 मई से एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों पर बढ़ते दबाव के बीच तेल कंपनियों ने ईंधन दरों में भारी इजाफा किया है। नई कीमतें सोमवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई। इस ताजा वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
मई महीने में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। सबसे पहले 15 मई को लंबे समय तक स्थिर रहने के बाद पहली बार करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को लगभग 90 पैसे और 23 मई को 87 से 91 पैसे प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई गई थी। अब 25 मई को फिर से पेट्रोल में करीब 2.61 रुपए और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
चारों महानगरों में नई दरों का असर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपए और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपए और डीजल 97.83 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपए और डीजल 99.55 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई। जबकि, कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपए और डीजल 99.82 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के शहरों में भी ईंधन महंगा हुआ है। भोपाल में पेट्रोल 114.32 रुपए और डीजल 99.56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। इंदौर में पेट्रोल 114.31 रुपए और डीजल 99.61 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, बिलासपुर में पावर पेट्रोल 117.39 रुपए और डीजल 102 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया। जबलपुर में भी नई दरें लागू हो चुकी हैं। वहां पेट्रोल 110.74 रुपए से बढ़कर 111.68 रुपए और डीजल 95.93 रुपए से बढ़कर 96.87 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
इससे पहले 23 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि की थी। वहीं, दिल्ली में सीएनजी की कीमत भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 81.09 रुपए हो चुकी है। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त दबाव पैदा कर दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल महंगा होने का सीधा असर मालभाड़े और लॉजिस्टिक्स लागत पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से दूध, सब्जियां, फल, ब्रेड और रोजमर्रा की अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। पहले से महंगाई झेल रहे आम परिवारों के घरेलू बजट पर इसका असर और गहरा होने की आशंका जताई जा रही है।




