ट्विशा शर्मा केस: दोबारा पोस्टमार्टम के बाद हुआ एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि
भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के 12 दिन बाद अंतिम संस्कार किया गया। दिल्ली AIIMS टीम ने दोबारा पोस्टमॉर्टम किया है।
भोपाल। रिटायर्ड जज के परिवार से जुड़ी एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। मौत के 12 दिन बाद रविवार को भदभदा श्मशान घाट पर ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्य और खासकर ट्विशा की मां का रो रोकर बुरा हाल रहा। दूसरी ओर इसी दिन दिल्ली एम्स की फॉरेंसिक टीम ने भोपाल एम्स पहुंचकर शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम भी किया।
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। जबकि, मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी।
दिल्ली एम्स के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद कुछ महत्वपूर्ण जांच अभी बाकी हैं। इनमें हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा एनालिसिस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार होने में अभी समय लगेगा। एम्स की टीम सैंपल, वीडियो, फोटो और दस्तावेजी रिकॉर्ड लेकर सोमवार को दिल्ली लौटेगी, जहां आगे की वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
इस बीच पुलिस जांच भी तेज हो गई है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया था। कोर्ट ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजते हुए पासपोर्ट जब्त करने के आदेश दिए हैं। वहीं, सास गिरिबाला की जमानत रद्द कराने के लिए भी आवेदन लगाया गया है। इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले की जांच सीबीआई से कराने पर सहमति जता दी है।
पुलिस रिमांड के दौरान समर्थ सिंह ने पूछताछ में दावा किया कि शादी के बाद दोनों के संबंध सामान्य थे। उसके अनुसार, ट्विशा की प्रेग्नेंसी कन्फर्म होने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आने लगा था। समर्थ ने कहा कि ट्विशा अक्सर ग्लैमर इंडस्ट्री और घरेलू जिंदगी के बीच संतुलन बनाने में परेशानी की बात करती थी। जिसकी वजह से दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा था।
समर्थ ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन ट्विशा पार्लर से घर लौटी थी। इसके बाद दोनों ने साथ में वॉक की, खाना खाया और कुछ समय साथ बिताया। बाद में ट्विशा नीचे जाकर परिवार से बातचीत करने लगी। समर्थ के मुताबिक, कुछ देर बाद उसकी मां का फोन आया कि ट्विशा रो रही हैं। जब परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो वह फंदे से लटकी मिली। समर्थ का कहना है कि उसे तुरंत नीचे उतारकर सीपीआर दिया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, पुलिस इस बयान को पूरी तरह भरोसेमंद नहीं मान रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी दे सकता है। इसलिए घटना की टाइमलाइन, परिवार के बयानों और मौके की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत पूछताछ जारी है।




