मध्य प्रदेश समेत देश के 7 राज्यों की 13 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। सभी सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इनमें से कांग्रेस ने 4, टीएमसी ने 4, भाजपा ने 2, AAP, DMK और निर्दलीय ने 1-1 सीट जीत ली है।

हिमाचल CM सुखविंदर सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने देहरा से 9265 वोट से BJP को हरा दिया है। भाजपा के होशियार सिंह दूसरे नंबर पर रहे। खास बात यह है कि वर्ष 2012 में अस्तित्व में आई देहरा सीट पर पहली बार कांग्रेस ने अपना परमच लहराया है। 2012 में इस सीट पर भाजपा का कब्जा था। 2017 और 2022 के चुनाव में यह सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट भाजपा 3252 वोटों से जीत गई है। कांग्रेस 17वें राउंड तक आगे थी। आखिरी के तीन राउंड में बाजी पलटी और भाजपा जीत गई। उपचुनाव के नतीजे भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, विपक्षी खेमा INDIA गठबंधन इस शानदार प्रदर्शन से उत्साहित है।