नई दिल्ली। देश भर में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसके कारण लोगों को परेशानी होने लगी है। धूप तेज और तेज होती जा रही है, जिसके कारण दोपहर में सड़कों पर कुछ दूरी तक चलना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में आगामी दिनों में गर्मी का अनुमान लगाना मुश्किल नहीं है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी का अनुमान जताया है। इसने आम लोगों को परेशान कर दिया है। दरअसल, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग राज्‍यों के लिए अधिकतम तापमान में इजाफे का अनुमान जताया है। साथ ही दिल्‍ली सहित कुछ राज्‍यों में लू का प्रकोप भी देखने को मिल सकता है। विभाग ने अनुमान जताया है कि कुछ जगहों पर अगले कुछ दिनों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें: भारत पर मंडरा रहा है 8 तीव्रता वाले भूकंप का खतरा, दिल्ली-चंडीगढ़ जैसे बड़े शहर होंगे प्रभावित

मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्‍ली और हिमाचल प्रदेश को लेकर लू चलने का अनुमान जताया है। जल्‍दी गर्मी आने की शिकायत कर रहे लोगों के लिए लू की चेतावनी और ज्‍यादा परेशान करने वाली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अगले छह दिनों तक दिल्ली में लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही कहा है कि इस दौरान पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

आईएमडी द्वारा जारी छह दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में लू चलने की स्थिति रहेगी और अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसके अलावा अगले 5-6 दिनों के दौरान देश के विभिन्‍न इलाकों में तापमान बढ़ने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि देश के विभिन्‍न इलाको में 2 से 4 डिग्री सेल्सियत तक अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है।

मौसम विभाग ने आज केरल, तमिलनाडु, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई है। इसके साथ ही उत्तर पूर्वी राज्‍यों में असम, मेघालय के साथ ही अरुणाचल प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। बारिश, ओलावृष्टि, बिजली कड़कने और तूफान को लेकर असम और मेघालय के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।