जयपुर। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को बुधवार को सुरक्षा कारणों से जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान से कथित तौर पर स्क्वॉक 7500 कोड प्रसारित होने की सूचना मिली थी। जिसका इस्तेमाल विमान के अपहरण या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट करने के लिए किया जाता है। विमान ने सुबह 9:35 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाइट में सवार सभी 306 यात्री सुरक्षित हैं। फिलहाल अलर्ट के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान से संबंधित अलर्ट मिला था। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट के वॉर रूम में सुबह करीब 9:10 बजे विमान को एहतियातन जयपुर भेजने का फैसला लिया गया। जयपुर पहुंचने के बाद विमान को सुरक्षा जांच के लिए अलग स्थान पर ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की टीमें जयपुर एयरपोर्ट पहुंची। विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा जांच की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम को भी अलर्ट कर स्टैंडबाय पर रहने के लिए कहा गया है।
एयरपोर्ट प्रमुख चरण सिंह ने मीडिया को बताया कि बुधवार सुबह 9:35 बजे विमान में सवार सभी 306 यात्री सुरक्षित जयपुर एयरपोर्ट पर उतर गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान से स्क्वॉक 7500 कोड प्रसारित होने की सूचना किन परिस्थितियों में मिली।
स्क्वॉक 7500 विमान के ट्रांसपोंडर में इस्तेमाल होने वाला अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन कोड है। पायलट इसका उपयोग विमान के अपहरण या किसी अन्य गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में एयर ट्रैफिक कंट्रोल को गोपनीय रूप से संकेत देने के लिए कर सकते हैं। इस कोड से जुड़ी सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाती हैं।
इससे पहले अगस्त में सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस मामले में विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला था। जिस पर बम लिखा हुआ था। इस घटना के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की थी।