जयपुर।राजस्थान में जारी सियासी संकट के बीच अशोक गहलोत सरकार को गिराने और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और BJP नेता संजय जैन के खिलाफ जयपुर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने केस दर्ज कर लिया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ऑडियो फर्जी है और मैं जांच के लिए तैयार हूं।
कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी की सरकार गिराने के आरोप में दो विधायकों को कांग्रेस ने पार्टी से बेदखल कर दिया है। गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे विश्वेन्द्र सिंह और विधायक भंवर लाल शर्मा को कांग्रेस ने निलंबित कर दिया है। दोनों ही नेता राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थक माने जाते हैं।
इनका निलंबन क्यों हुआ है ?
गुरुवार शाम कांग्रेस की ओर से तीन ऑडियो टेप जारी किए गए। जिसमें कथित तौर पर दोनों ही कांग्रेसी नेताओं को बीजेपी नेताओं के साथ राज्य की सरकार गिराने के ब्लू प्रिंट पर चर्चा करते सुना जा सकता है। ऑडियो में भंवर लाल शर्मा और विश्वेन्द्र सिंह बीजेपी नेता संजय जैन से कहते सुनाई दे रहे हैं कि जल्द ही 30 कांग्रेसी विधायक उनके पाले में आ जाएंगे और राज्य की गहलोत सरकार को गिरा दी जाएगी। ऑडियो में एक और शख्स की आवाज़ सुनाई दे रही है जो कॉंग्रेसी विधायकों की खरीद फरोख्त को अंजाम पहुंचाए जाने का उपडेट ले रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि वो आवाज़ केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गजेंद्र शेखावत की है।
ज्ञात हो कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुरू से ही पायलट और उनके खेमे पर कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने और गिराने के प्रयास करने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस बीजेपी पर भी शुरू से ही राज्य की सरकार गिराने के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगा रही है।