नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार बुधवार शाम पांच बजे थम गया। इस चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल यानी शुक्रवार को मतदान होगा। 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। जबकि अन्य को 23 सीटें मिली थीं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन के पहले फेज में कुल 1,625 कैंडिडेट्स मैदान में हैं, जिनमें 1,491 पुरुष और 134 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें महिलाएं केवल 8% हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने 1,618 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 16% यानी 252 उम्मीदवार पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं।

वहीं, 450 यानी 28% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 10 ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 300 से 500 रुपए की संपत्ति है। ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, 10% यानी 161 कैंडिडेट ऐसे हैं जिन पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 7 उम्मीदवारों पर हत्या और 19 पर हत्या की कोशिश के मामले हैं।

इन 102 सीटों पर आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व सीएम और एक पूर्व राज्यपाल समेत 1,625 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। मतदान शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम को 5 बजे तक चलेगा। पहले चरण में तमिलनाडु की सभी 39, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड की सभी पांच, अरुणाचल प्रदेश की दो, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, असम की चार, मध्य प्रदेश की 6, महाराष्ट्र की पांच, मणिपुर की दो, मेघालय की दो, मिजोरम त्रिपुरा की एक-एक और पश्चिम बंगाल की तीन सीटों पर मतदान होगा। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर, अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर भी मतदान होगा।