महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पटरी पर सोए प्रवासी मजदूरों पर से ट्रेन गुजरने से एमपी के 14 श्रमिकों की मौत हुई है। इस दुर्घटना में 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए है। दक्षिण मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार घायलों को औरंगाबाद के सिविल अस्पताल भेजा गया है। एमपी सरकार ने एक विमान से अपने अफसरों को भेजा है। मगर, सवाल यही है कि घटना के बाद विमान जैसे तमाम प्रबंध करने से बेहतर नहीं हो कि सरकार सड़क पर आ गए श्रमिकों के लिए राहत के सभी प्रबंध करे।



Click  क्या MP सरकार ने प्रवासी मजदूरों का पंजीयन किया था?



प्राप्‍त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद से गुरुवार को मध्य प्रदेश के कुछ जिलों के लिए ट्रेन रवाना हुई थी। इसी वजह से जालना की एसआरजे स्टील फैक्ट्री में काम करने वालेे मजदूर औरंगाबाद के जा रहे थे। ट्रैक के साथ साथ 40 किमी चलने के बाद वे करमाड के करीब थककर पटरी पर ही सो गए। औरंगाबाद ग्रामीण एसपी मोक्षदा पाटिल ने  बताया कि  हादसे में 14 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में 2 और ने दम तोड़ दिया। एक की हालत गंभीर है। बचे 4 अन्य लोगों से बातचीत की जा रही है। 



इस हादसे में मारे गए श्रमिकों के शव बड़वानी इंदौर मार्ग से लाए जाएंगे। इंदौर के संभागायुक्‍त आकाश त्रिपाठी ने बड़वानी कलेक्‍टर को पर्याप्‍त इंतजाम करने को कहा है। इसके साथ ही बुरहानपुर मार्ग से भी शवों को लाने का प्रबंध किया जा रहा है।



मालगाड़ी रोकने की कोशिश की : रेलवे 



भारतीय रेलवे ने ट्वीट किया कि, 'बदनापुर और करमाड स्टेशन के बीच परभनी-मनमाद सेक्शन के पास आज तड़के कुछ मजदूरों को ट्रैक पर देखने के बाद मालगाड़ी के लोको पायलट ने ट्रेन को रोकने की कोशिश की लेकिन अन्ततः वह ट्रेन की चपेट में आ गए। घायलों को औरंगाबाद के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया. जांच के आदेश दिए गए हैं।'





 



विशेष विमान भेज रही एमपी सरकार



औरंगाबाद करमाड रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। उन्‍होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से फोन पर चर्चा कर हादसे की जांच और मृतक मजदूरों के परिवारों की सहायता करने की मांग की है। मुख्यमंत्री चौहान ने मृतक मजदूरों के परिवार को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। प्रदेश सरकार औरंगाबाद एक विशेष विमान और टीम भेज रही है जो कि घायल मजदूरों के उपचार सहित मृतक मजदूरो की समुचित व्यवस्था करेगी। शिवराज सिंह चौहान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के संपर्क में है और घायल मजदूरों के उपचार संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे है।





प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया है। मोदी ने रेलमंत्री पीयूष गोयल से बात कर घटना की जानकारी ली तथा सभी सहायता प्रदान करने को कहा है।