रांची। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खराब प्रदर्शन को लेकर ट्रॉल्स ने घृणा की सारी हदें पार कर दी है। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद अब धोनी की पांच साल की मासूम बेटी को निशाना बनाकर धमकी दी जा रही है। ट्रॉल्स की इस शर्मनाक हरकत के बाद रांची पुलिस ने धोनी के दोनों घरों की सुरक्षा बढ़ा दी है। तकनीकी सेल मामले की छानबीन में जुट गई है।

दरअसल, आईपीएल में धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स इस बार कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। अभी तक टीम ने पांच मैच खेले हैं लेकिन सिर्फ दो मैचों को जीतने में सफल हुई है। ऐसे में टीम के सभी खिलाड़ी फैन्स और ट्रॉल्स के निशाने पर हैं। कोलकाता के खिलाफ चेन्नई को मिली हार को लेकर खिलाड़ियों के घरों पर पत्थर बरसाने का मामला भी सामने आया है।

इसी क्रम में ट्रॉल्स ने कप्तान समेत सभी खिलाड़ियों को भला बुरा तो कहा ही लेकिन हद तब हो गई जब धोनी की पांच वर्षीय अबोध बेटी को रेप की धमकी दे डाली। धमकी देने वाले ने धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटी जीवा को लेकर बेहद ही अभद्र और शर्मसार करने वाली टिप्पणी की है।

और पढ़ें: MP Gangrape रीवा में दलित विधवा से सामूहिक बलात्कार, पुलिस पर मामले को दबाने की कोशिश का आरोप

हम राष्ट्र के तौर पर कहां जा रहे हैं- नगमा

धोनी की बेटी को लेकर दिए गए इस घृणित धमकी को लेकर देशभर के लोग आक्रोशित हैं। मामले पर बॉलिवुड अभिनेत्री नगमा ने लिखा, 'हम एक राष्ट्र के तौर पर कहां जा रहे हैं? यह कितना अजीब है कि धोनी की पांच साल की बेटी जीवा को किसी ने दुष्कर्म की धमकी दी है। प्रधानमंत्री जी हमारे देश में क्या हो रहा है?' इसके अलावा क्रिकेटर इरफान पठान, सांसद प्रियंका चतुर्वेदी समेत कई अन्य हस्तियों ने ट्रॉल्स को जमकर लताड़ा है।

वहीं झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने मामले पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी करवाई की मांग की है। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा, 'महेंद्र सिंह धोनी ने कई मौकों पर देश का सिर ऊंचा किया है। ऐसे में उनके परिवार पर ऐसी टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी करवाई होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर भद्दी व गंदी टिप्पणी को लेकर कठोर कानून बनना चाहिए।'

और पढ़ें: IPL 2020 आर अश्विन ने दोस्ती निभाने के लिए ही फिंच को नहीं किया था मांकडिंग से आउट

धोनी के घरों की बढ़ी सुरक्षा

रांची पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तकनीकी टीम गठित कर छानबीन में जुट गई है। साथ ही रांची स्थित क्रिकेटर के दोनों घरों की सुरक्षा बढ़ा दी है। सिमलिया स्थित धोनी के घर जहां वह रहते हैं वहां फोर्स की तैनाती के साथ-साथ गश्ती भी बढ़ा दी गई है। रांची के ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने मीडिया से बताया है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर उनपर करवाई करेगी।