इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अब राजधानी भोपाल में भी पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड 28 की वैशाली नगर कॉलोनी में महज 16 दिनों के अंतराल में दूसरी बार नल के पानी में ई कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। 28 अक्टूबर को लिए गए सैंपल में प्रति 100 मिलीलीटर पानी में 680 MPN ई कोलाई मिला था। जबकि, 12 नवंबर को दोबारा हुई जांच में इसकी मात्रा 350 MPN दर्ज की गई थी। पेयजल में इस बैक्टीरिया की स्वीकार्य मात्रा शून्य होनी चाहिए। दूषित पानी की आशंका के चलते कॉलोनी के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस मामले ने नगर निगम की जल गुणवत्ता जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। निगम रोजाना 100 से अधिक पानी के सैंपल लेने का दावा करता है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर लंबे समय से बनी समस्या समय रहते सामने नहीं आ सकी। खास बात यह है कि जिस कोलार जलापूर्ति नेटवर्क से वैशाली नगर को पानी मिलता है उसी व्यवस्था के जरिए शहर के 9 जोन में करीब 7 लाख लोगों तक पेयजल पहुंचाया जाता है। यहां 1.35 लाख कनेक्शनों के माध्यम से रोजाना 34 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है।
दरअसल वैशाली नगर के लोग पिछले करीब डेढ़ साल से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायत कर रहे हैं। शुरुआत में निगम ने गटर की सफाई कराई थी। जिससे दो दिनों तक पानी की स्थिति में सुधार हुआ लेकिन इसके बाद फिर पुरानी समस्या लौट आई। पेयजल लाइन में संभावित लीकेज ठीक करने के लिए निगम ने 10 से 11 स्थानों पर सड़क की खुदाई भी कराई लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
इस बीच दूषित पानी के कारण उल्टी, दस्त और पेट संबंधी परेशानियों की शिकायतें सामने आने लगी। कुछ लोगों को इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती भी कराना पड़ा। सरकारी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर कॉलोनी निवासी विवेक राय ने खुद पानी की जांच कराने का फैसला लिया। उन्होंने 28 अक्टूबर को पानी का सैंपल पीएचई की स्टेट रिसर्च लेबोरेटरी में जांच के लिए दिया। 28 अक्टूबर की रिपोर्ट में 100 मिलीलीटर पानी में 680 MPN ई कोलाई पाया गया। इसके अलावा पानी का टर्बिडिटी स्तर 5.9 NTU दर्ज हुआ। जबकि, इसकी अधिकतम निर्धारित सीमा 5 NTU है।
पहली रिपोर्ट आने के बाद 12 नवंबर को दोबारा सैंपल जांच के लिए भेजा गया। 13 नवंबर को मिली रिपोर्ट में भी प्रति 100 मिलीलीटर पानी में 350 MPN ई कोलाई की मौजूदगी सामने आई। यानी दूसरी जांच में भी पानी बैक्टीरिया से मुक्त नहीं पाया गया।
स्थानीय रहवासियों को संदेह है कि पेयजल पाइपलाइन के आसपास से गुजर रही सीवेज लाइन में लीकेज के कारण गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। कॉलोनी के पीछे स्थित बापू नगर के सीवेज चैंबर ओवरफ्लो होने पर गंदगी पेयजल नेटवर्क तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दूषित पानी के वास्तविक स्रोत की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में रिटायर्ड डीजी एनसीआरबी एनके त्रिपाठी ने सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट को गंभीर बताया है। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर की रिपोर्ट के आधार पर रहवासियों ने नगर निगम में शिकायत की थी। इसके बाद निगम अधिकारियों ने 2 से 3 नवंबर के बीच आसपास के तीन घरों से पानी के नमूने लिए थे। अधिकारियों की ओर से इन नमूनों की रिपोर्ट सामान्य होने की जानकारी दी गई थी लेकिन रहवासियों के मुताबिक इसके दो दिन बाद ही पानी की गुणवत्ता फिर खराब हो गई।
वैशाली नगर में ई कोलाई मिलने के बाद जलापूर्ति नेटवर्क की निगरानी और रखरखाव पर भी सवाल उठ रहे हैं। संबंधित कोलार नेटवर्क की पाइपलाइन वर्ष 2022 में बिछाई गई थी। इसमें दो स्तर पर क्लोरीनेशन की व्यवस्था होने के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलना चिंता का विषय है। विशेषज्ञों के अनुसार, ई कोलाई की मौजूदगी आमतौर पर मलजनित प्रदूषण का संकेत होती है। इससे उल्टी, दस्त और पेट से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं।
मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने जांच का दायरा बढ़ाया है। शनिवार को कॉलोनी के 9 घरों से पानी के कुल 15 नमूने लिए गए। नगर निगम के सहायक अभियंता गौरव परमार के मुताबिक, इनकी रिपोर्ट रविवार शाम तक आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रहवासियों के सामने भी पानी की जांच की गई थी। उस दौरान पानी में न तो बदबू मिली, न रंग में गंदगी दिखाई दी और न ही क्लोरीन की मात्रा कम पाई गई। निगम अब लगातार 4 से 5 दिनों तक पानी की जांच कराएगा।
वहीं, नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि जलकार्य शाखा की टीम को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी खामी सामने आएगी उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा। उन्होंने शहर में नियमित रूप से पानी की सैंपलिंग जारी रखने की बात भी कही है।
भोपाल के वैशाली नगर का मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इंदौर के भागीरथपुरा में 24 दिसंबर 2025 को दूषित पेयजल के कारण बीमारी फैलने की घटना सामने आई थी। इस मामले में कुल 36 मौतें हुई थीं, हालांकि जांच रिपोर्ट में 22 मौतों को दूषित पानी से संबंधित माना गया था। अब भोपाल में भी सरकारी प्रयोगशाला की जांच में लगातार दूसरी बार ई कोलाई मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
रिटायर्ड रीजनल डायरेक्टर, सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड डॉ. सुभाष सिंह गौड़ के अनुसार, पानी में ई कोलाई मिलना सीवेज या मलजनित गंदगी के संपर्क में आने का संकेत है। ऐसे पानी के सेवन से पेट संबंधी संक्रमण, उल्टी और दस्त की समस्या हो सकती है। उन्होंने बचाव के लिए पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने की सलाह दी है।