पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक तनाव हिंसा में बदलता नजर आ रहा है। राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार रात बड़ी संख्या में लोगों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्टी कार्यालय पर हमला कर दिया। भीड़ ने बुलडोजर की मदद से ऑफिस को गिरा दिया और आसपास की कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की। वहीं, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान राजनीतिक हिंसा में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के दो-दो कार्यकर्ताओं की हत्या की खबर भी सामने आई है।
घटना के बाद TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा कि बंगाल में भाजपा का परिवर्तन बुलडोजर के साथ आया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि विपक्षी समर्थक राज्य में तनाव और डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:जालंधर में BSF मुख्यालय के पास धमाका, अमृतसर आर्मी कैंप को बनाया निशाना, CM मान ने भाजपा पर लगाए आरोप
दूसरी ओर भाजपा ने उत्तर 24 परगना जिले के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए TMC समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी ओर TMC का कहना है कि कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम जिले के नानूर में उसके दो कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में भी मंगलवार रात हालात तनावपूर्ण हो गए थे। बामनघेरी क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया था। उस दौरान फायरिंग भी हुई थी। जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इंचार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं। इलाके से बम से भरा एक बैग भी बरामद किया गया है। बम से भरा बैग मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
यह भी पढ़ें:MP में मौसम का डबल अटैक, 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में भीषण गर्मी बरकरार
वहीं, तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। टीवीके प्रमुख विजय आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। हालांकि, उनकी पार्टी किस दल के साथ गठबंधन करेगी इसे लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी है लेकिन टीवीके और AIADMK के बीच भी संभावित गठबंधन की चर्चाएं लगातार जारी हैं।
इसी कड़ी में टीवीके नेता एन. आनंद ने बुधवार सुबह चेन्नई स्थित आवास पर AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी से मुलाकात की। इस बैठक के बाद राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है लेकिन विजय के दो सीटों से चुनाव जीतने के कारण पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी। ऐसे में बहुमत के लिए टीवीके को अभी 11 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी।
यह भी पढ़ें:चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट, 5 यात्री घायल