जालंधर में BSF मुख्यालय के पास धमाका, अमृतसर आर्मी कैंप को बनाया निशाना, CM मान ने भाजपा पर लगाए आरोप

पंजाब में मंगलवार रात जालंधर BSF हेडक्वार्टर और अमृतसर आर्मी कैंप को निशाना बनाया गया। जालंधर में IED ब्लास्ट हुआ। जबकि, अमृतसर में ग्रेनेड फेंका गया।

Updated: May 06, 2026, 01:00 PM IST

पंजाब में मंगलवार रात सुरक्षा एजेंसियों को लगातार दो बड़े हमलों का सामना करना पड़ा। पहले जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाका हुआ और कुछ घंटों बाद अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप को निशाना बनाने की कोशिश की गई। शुरुआती जांच में जालंधर ब्लास्ट में आईइडी के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए समेत कई केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।

जालंधर में यह धमाका मंगलवार रात करीब 7:57 बजे बीएसएफ चौक के पास हुआ था। जांच एजेंसियों के अनुसार, एक संदिग्ध युवक पीएपी चौक की तरफ से गलत दिशा में पैदल आता दिखाई दिया। वह फुटपाथ पर खड़ी एक एक्टिवा के पास पहुंचा और पॉलिथीन में लिपटा पैकेट वहां रखकर बस अड्डे की तरफ भाग गया। कुछ ही सेकेंड बाद तेज धमाका हुआ। ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है।

यह भी पढ़ें:MP में मौसम का डबल अटैक, 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में भीषण गर्मी बरकरार

जिस एक्टिवा के पास विस्फोट हुआ वह बीएसएफ के रिटायर्ड जवान कश्मीर सिंह की बताई जा रही है। उनका बेटा गुरप्रीत सिंह पार्सल लेने वहां पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक, हेलमेट नहीं पहनने की वजह से बीएसएफ जवानों ने उसे एक्टिवा अंदर ले जाने से रोक दिया था। जिसके बाद उसने वाहन बाहर खड़ा कर दिया। फिलहाल गुरप्रीत पुलिस हिरासत में है। हालांकि, परिवार का कहना है कि वह पूरी तरह निर्दोष है।

इस घटना के कुछ घंटे बाद अमृतसर के खासा स्थित आर्मी कैंप के बाहर भी हमला हुआ। मंगलवार रात करीब 11 बजे बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने कैंप की ओर ग्रेनेड फेंका था। ग्रेनेड दीवार से टकराकर फट गया जिससे वहां लगा टीन शेड गिर गया और गेट नंबर 6 तथा 7 के बीच की दीवार को नुकसान पहुंचा। अमृतसर रूरल के एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने घटना की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें:चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट, 5 यात्री घायल

दोनों घटनाओं के बाद पंजाब पुलिस हाई अलर्ट पर है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव अमृतसर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा ले चुके हैं और जालंधर में भी सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जालंधर ब्लास्ट साइट पर CFSL की टीम ने पहुंचकर सैंपल इकट्ठा किए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।

इसी बीच खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जालंधर धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल और उनके परिवार को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। गौरतलब है कि मार्च 2026 में गुरदासपुर पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी रणजीत सिंह का एनकाउंटर डीआईजी संदीप गोयल की अगुवाई में हुआ था। इसे खालिस्तानी समर्थकों ने फर्जी बताया था।

यह भी पढ़ें:इंदौर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट से सामान चोरी, व्यापारी के सूटकेस से कीमती सामान गायब, FIR दर्ज

घटनाओं के बाद पंजाब की राजनीति भी गरमा गई है। श्री आनंदपुर साहिब से निकली शुक्राना यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन धमाकों को भाजपा की इलेक्शन पॉलिटिक्स बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी राज्यों में डर और तनाव का माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करती है। मान ने कहा कि पंजाब पहले भी कठिन दौर देख चुका है और राज्य के लोग इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब शांति और भाईचारे का प्रदेश है तथा यहां माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:जबलपुर में तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 50 से ज्यादा घायल, 6 की हालत गंभीर