MP में मौसम का डबल अटैक, 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई शहरों में भीषण गर्मी बरकरार
मध्यप्रदेश में दो मौसम सिस्टम एक्टिव होने से 28 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगह 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्यप्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। प्रदेश में एक साथ दो वेदर सिस्टम सक्रिय होने से बुधवार को 28 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश के कई शहरों में दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में शाम के समय मौसम अचानक बदल सकता है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर दिन के समय भी बादल और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
इधर भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में दिन के समय तापमान अधिक रहने से लोगों को तेज गर्मी महसूस होगी। हालांकि, शाम होते-होते मौसम में बदलाव आ सकता है।
प्रदेश में लगातार पांचवें दिन भी आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहा था। मंगलवार को ग्वालियर, छतरपुर, धार, बड़वानी, डिंडौरी और बालाघाट समेत कई जिलों में सुबह से ही मौसम खराब रहा था। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई थी। जबकि, रात के समय भोपाल सहित अन्य शहरों में भी तेज आंधी चली थी।
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। प्रदेश के बड़े शहरों में पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 37.6 डिग्री, ग्वालियर में 34.7 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री और जबलपुर में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
हालांकि, कुछ जिलों में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा था। वहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। खंडवा में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, नौगांव सबसे ठंडा रहा। वहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। इसके अलावा सीधी में 34 डिग्री, टीकमगढ़ में 34.5 डिग्री, रीवा में 34.6 डिग्री, सतना और दतिया में 34.8 डिग्री, मलाजखंड में 35 डिग्री, उमरिया में 35.4 डिग्री और गुना में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।




