नई दिल्ली। CEC ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं। गांधी जयंती के मौके पर विभिन्न नागरिक और राजनीतिक संगठनों ने मुंबई और दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए DMRC ने दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद कर दिए हैं।

दिल्ली में लेफ्ट, AAP और स्टूडेंट यूनियन ने शुक्रवार को प्रदर्शन का कॉल दिया था। AISA (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के अध्यक्ष नेहा बोरा के साथ ही RJD सांसद मनोज झा और वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने लोगों से जंतर-मंतर पर शामिल होने की अपील की थी। हालांकि, पुलिस ने इसके।लिए अनुमति नहीं दी। ऐसे में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही जंतर-मंतर पहुंचे, उन्हें हिरसत में ले लिया गया।

जंतर-मंतर पर पुलिस, RAF तैनात किए गए हैं। साथ ही जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग जैसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं पुलिस आसपास के इलाके में ड्रोन से निगरानी कर रही है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाके को 8-9 जोन में बांटा गया है। हर जोन में सुरक्षा की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ IPS अधिकारी तैनात किया गया है।

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी आज शाम 4 बजे से मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन करने वाली है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके करेंगे। इससे पहले गुरुवार देर रात पुलिस ने दीपके को मैरीन ड्राइव से हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना है कि मुंबई में प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह आजाद मैदान है। इसके बावजूद अभिजीत दीपके ने कहा है कि संगठन शिवाजी पार्क में ही प्रदर्शन करना चाहता है। दीपके ने बताया कि मुंबई के बाद CJP 6 और शहरों में प्रदर्शन करेगी और अक्टूबर के अंत में दिल्ली के जंतर-मंतर पर अभियान का समापन किया जाएगा।