नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। कैप्टन ने अपने अगले दांव से पर्दा हटाते हुए कहा है कि वे बीजेपी से भी गठबंधन करेंगे। बशर्ते कृषि कानूनों का संतोषजनक समाधान निकल जाए। कैप्टन ने यह भी कहा है कि वे अकाली दल से अलग हुए समान विचारों वाले गुटों, खासकर ढींढसा और ब्रह्मपुरा गुट, से भी गठजोड़ कर सकते हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठकुराल ने मंगलवार को ट्वीट कर उनका बयान साझा किया है। ठकुराल ने कैप्टन के हवाले से लिखा, 'पंजाब के भविष्य के लिए हमारा संघर्ष जारी है। पंजाब और उसके लोगों तथा किसानों, जो एक साल से अधिक समय से अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे है, उनकी सेवा के लिए जल्द ही अपनी पार्टी की घोषणा करूंगा। अगर किसानों के हित में कोई समाधान निकल जाता है तो साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ सीटों के समझौते की संभावना है।'

यह भी पढ़ें: यूपी चुनावों में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देगी कांग्रेस, प्रियंका गांधी ने किया एलान

ठकुराल ने आगे लिखा कि, 'जब तक मैं अपने लोगों और अपने पंजाब का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेता तब तक आराम नहीं करूंगा। पंजाब को आंतरिक और बाहरी खतरों से सुरक्षा की जरूरत है।' बता दें कि पंजाब में लंबे समय से चल रहे उठापटक के बीच पिछले महीने अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह आगे का निर्णय अपने साथियों से बातचीत के बाद तय करेंगे।