मलप्पुरम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तीन दिवसीय केरल दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान उन्होंने कलपेट्टा के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर से मुलाकात की। खास बात ये है कि राहुल गांधी आज वृद्ध महिलाओं के साथ लंच करते दिखे। बताया जा रहा है कि वे मलप्पुरम के वंदूर में स्थित गांधी भवन स्नेहरामम में वृद्धाश्रम के लोगों के साथ लंच करने पहुंचे थे। 





इसके पहले सुबह वे कोझिकोड जिले में करासेरी पंचायत किसान दिवस कार्यक्रम के में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद उत्तरी करासे, तिरुवंबाडी में करसेरी बैंक ऑडिटोरियम में कई महिला व पुरुष किसानों को सम्मानित किया।  





राहुल गांधी ने कल मनांथावडी स्थित गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा का अनावरण किया था। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने जो कहा उसे कर के दिखाया। उनकी कथनी और करनी में कभी फर्क नहीं रहा। लेकिन आज कुछ लोग अपनी कथनी के विपरित कार्य करने में विश्वास रखते हैं।



यह भी पढ़ें: देश का मिजाज: कोरोना काल में मोदी व शाह की लोकप्रियता में गिरावट, राहुल व प्रियंका गांधी हुए और पॉपुलर



राहुल गांधी ने कहा, 'गांधी जी ने एक सहिष्णु भारत की परिकल्पना की, तो वे खुद भी सहिष्णू तरीके से पेश आए। अगर उन्होंने महिलाओं के सम्मान की बात की, तो उन्होंने खुद भी महिलाओं को भरपूर आदर और सम्मान दिया। आज कुछ लोग धर्मनिरपेक्षता की तो वकालत करते हैं, लेकिन खुद विभिन्न धर्मों को अपने चश्मे से अलग अलग कर के देखते हैं। राहुल ने कहा कि वे महिलाओं की सम्मान की बात भी करते हैं, लेकिन वे खुद महिलाओं का अपमान करते हैं।' 



राहुल गांधी इन दिनों देशभर के विभिन्न राज्यों में दौरे कर रहे हैं। हाल ही में वे जम्मू-कश्मीर गए थे। यहां वे श्रीनगर में खीर भवानी माता के दर्शन करने पहुंचे थे और डल झील किनारे स्थित हजरतबल दरगाह गए थे। कश्मीर दौरे के दौरान राहुल ने कहा था कि मैं केंद्र की नीतियों के खिलाफ लड़ता रहूंगा।