नई दिल्ली। मध्य पूर्व में लगातार खराब होते हालात और खाड़ी संकट के बीच पीएम मोदी की आम जनता से तेल, गैस, सोने समेत कई चीजों पर संयम बरतने की अपील पर राहुल गांधी ने निशाना साधा है। राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश चलाना अब कॉम्प्रोमाइज्ड PM के बस की बात नहीं है। राहुल गांधी ने पीएम की अपील को नाकामी करार दिया है।
राहुल गांधी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'कल मोदी जी ने जनता से त्याग मांगा। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाद और खाने के तेल का उपयोग घटाओ, मेट्रो से चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं हैं। ये विफलता हैं।'
राहुल गांधी ने आगे कहा, '12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है। क्या खरीदें, क्या नहीं। कहां जाए, कहां नहीं। हर बार ज़िम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि ख़ुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं।'
दरअसल, रविवार को सिकंदराबाद में एक जनसभा में पीएम मोदी ने आयात पर निर्भरता कम करने की जरूरत पर जोर दिया था, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके और पर्यावरण की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा था, 'आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं।'