नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज शनिवार, 3 सितंबर को एक नई वेबसाइट 'सत्याग्रह' लॉन्च की है। कांग्रेस नेता के इस अभियान का मकसद देश भर में अलग-अलग मुद्दों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों की जानकारी को एक जगह इकट्ठा करना है।

राहुल गांधी ने ये वेबसाइट महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अगले दिन लॉन्च की है। राहुल गांधी ने वेबसाइट लॉन्च पर लिखा, 'बापू ने हमें सिखाया था, सत्य ही सबसे बड़ा हथियार है। लेकिन उससे भी बड़ा हथियार है सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना।' राहुल गांधी ने शनिवार को इस वेबसाइट के बारे में बताते हुए लिखा कि देश भर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले ही लड़ रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएँ - हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज़ अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है। 'सत्याग्रह' इन्हीं आवाज़ों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल है। बापू ने यही सिखाया था - सच सबसे बड़ा हथियार है। पर उससे भी बड़ा हथियार है, एकता में सच के साथ खड़े होना।

कांग्रेस नेता ने वेबसाइट के बारे में बताते हुए लिखा, 'अगर आप भी किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी शेयर करें। इसमें बस दो मिनट लगेंगे। आपकी कहानी नक्शे पर आएगी। आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन लड़ रहा है। और मैं जो कर सकता हूँ, करूँगा - संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी ज़रूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर - नेता विपक्ष के रूप में ये मेरी ज़िम्मेदारी है।'