नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। राहुल गांधी ने गुरूवार दोपहर ने अपने ट्विटर हैंडल पर कोरोना मृत्यु दर और जीडीपी का एक आंकड़ा पेश किया है। जिसमें मोदी सरकार दोनों ही मोर्चे पर विफल होती नज़र आ रही है। राहुल गांधी ने आंकड़े को साझा करते हुए उसे मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड नाम दिया है।



इन आंकड़ों में  एशिया के कुल 14 देशों की तुलना की गई है। तुलना का आधार कोरोना मृत्यु दर और जीडीपी ग्रोथ रेट को बनाया गया है। द इकॉनमी एन्ड द पेंडेमिक, एशिया शीर्षक वाले इस आंकड़े के मुताबिक भारत इन दोनों मोर्चों पर ही पूरी तरह से विफल दिख रहा है। इन आंकड़ों को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, 'मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड : कोरोना मृत्यु दर में सबसे आगे, GDP दर में सबसे पीछे।'   





जीडीपी ग्रोथ रेट के लिहाज से सबसे अच्छी स्थिति बांग्लादेश की है, जिसकी जीडीपी ग्रोथ रेट 3.8 फीसदी है। जबकि भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट निगेटिव है। भारत की जीडीपी में बढ़त की जगह 10.3 फीसदी की गिरावट का अनुमान लगाया जा रहा है। 



कोरोना मृत्यु दर के लिहाज से भी भारत की स्थिति अच्छी नहीं है। हर दस लाख की आबादी में कोरोना से होने वाली मौत का औसत निकालें तो इस मामले में सबसे अच्छी स्थिति भूटान की नज़र आती है, जहां प्रति दस लाख कोरोना से होने वाली मृत्यु दर शून्य है। भारत में हर दस लाख की आबादी पर कोरोना से होने वाली मृत्यु की दर 95 है। इस मामले में भारत की स्थिति एशियाई के बाकी सभी देशों से खराब नज़र आ रही है। यही वजह है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दोनों ही मोर्चों पर देश की खराब स्थिति के लिए प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।