नई दिल्ली। राहुल गांधी सरकारी बंगला छोड़ने के बाद मां सोनिया गांधी के घर रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 12 तुगलक लेन स्थित उनके आवास से उनका सामान 10 जनपथ शिफ्ट किया जा रहा है। वे जल्द ही सोनिया गांधी के आवास पर रहने लगेंगे। दरअसल, लोकसभा सदस्यता खत्म होने के बाद राहुल गांधी को बंगला खाली करने का नोटिस मिला था। उन्हें 22 अप्रैल तक सरकारी आवास खाली करने के लिए कहा गया है।

राहुल गांधी को साल 2004 में अमेठी से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद 12 तुगलक लेन स्थित बंगला आवंटित किया गया था। नियमों के मुताबिक उन्हें अयोग्यता आदेश (24 मार्च) की तारीख से एक महीने के भीतर अपना सरकारी बंगला खाली करना था। इस नोटिस के जवाब में राहुल गांधी ने कहा था कि वह बंगला खाली करने के नोटिस का पालन करेंगे। इसके बाद अब जानकारी आई है कि राहुल गांधी मां के साथ रहेंगे। हालांकि, राहुल के दफ्तर के कामकाज के लिए घर ढूंढा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार बनते ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए लाएंगे कानून, पीसीसी चीफ कमलनाथ का बड़ा ऐलान

राहुल गांधी को 2019 के मानहानि मामले में सूरत की एक अदालत की ओर से दो साल की जेल की सजा सुनाए जाने के अगले दिन ही उन्हें लोकसभा सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस दिया गया। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत तमाम कांग्रेस नेताओं ने उन्हें अपना घर ऑफर किया था।

लोकसभा सचिवालय का नोटिस मिलने के बाद राहुल ने कहा था कि उनके सरकारी बंगले से उनकी कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं। लोकसभा सचिवालय में उप सचिव मोहित राजन को पत्र लिखकर कहा कि 12, तुगलक लेन में मेरे आवास को रद्द करने के संबंध में 27 मार्च 2023 के आपके पत्र के लिए धन्यवाद। राहुल गांधी ने कहा था कि पिछले चार कार्यकालों में लोकसभा के एक निर्वाचित सदस्य के रूप में, ये लोगों का जनादेश है, जिसके लिए मैं यहां बिताए अपने समय की सुखद यादों का श्रेय देता हूं। अपने अधिकारों के प्रति पूर्वाग्रह के बिना, मैं निश्चित रूप से आपके आदेश का पालन करूंगा।