जयपुर। शराब का शौक लोगों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है। भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ स्थित सारण का खेड़ा गांव में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है।  मरने वाले सभी लोग सारण का खेडा गांव के थे। चार लोगों की मौत से गांव में मातम छा गया है। मृतकों की पहचना सतूडी कंजर, हजारी बैरवा, सरदार भाट और दलेल सिंह के रूप में हुई है। मृतक दलेल सिंह राजपूत की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी।



जहरीली शराब का सेवन करने वाले 5 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं जिन लोगों की हालत गंभीर हैं, उनकी पहचान नीतू कंवर, मंजू कंवर, लादू सिंह, भौम सिंह और गुल्‍ला कंजर के रूप में हुई है।



इन लोगों ने गुरुवार रात सारण के खेड़ा गांव शराब पी थी जिसके बाद इनकी हालत बिगड़ गई। लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने आसपास की शराब की दुकानों को सील कर दिया है। दुकानों से शराब के सैंपल लिए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज महात्मा गांधी चिकित्सालय में किया जा है। 





भीलवाड़ा में इससे पहले भी जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ दिनों पहले एक घटना में 2 लोगों की मौत हुई थी। 2004 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी यहां जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत हुई थी। हाल ही में मध्य प्रदेश के मुरैना में भी जहरीली शराब पीने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। जिसका मुख्य आरोपी मुकेश किरार चेन्नई में गिरफ्तार किया गया था।