पटना। बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी के बाद नीतीश सरकार के कुछ और मंत्री भी निशाने पर हैं। मेवालाल के बाद राज्य के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। और अब नीतीश के सबसे बड़े सिपहसालारों में एक भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी फंसते नज़र आ रहे हैं। विपक्ष ने अब अशोक चौधरी को भी निशाने पर ले लिया है। तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी का इंटरव्यू ट्विटर पर साझा करते हुए कहा है कि 'बीवी का भ्रष्टाचार नॉट ए बिग डील।'



यह भी पढ़ें : बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद का कमाल, 5 साल में 12 साल बढ़ी उम्र



सारा विवाद भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के हाल ही में मीडिया को दिए गए उस बयान से जुड़ा है जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को 'Not a big deal' यानी 'कोई बड़ी बात नहीं', कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की थी। दरसअल, मेवालाल चौधरी के इस्तीफे के बाद जेडीयू नेता अटैक मोड में आ गए हैं और उलटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। 



इसी क्रम में मंत्री अशोक चौधरी भी तेजस्वी पर लगे आरोपों को गिनाते हुए उनसे इस्तीफे की मांग कर रहे थे। हालांकि इसी दौरान जब उनकी पत्नी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप की चर्चा की गई तो उन्होंने कहा 'Not a big deal' (कोई बड़ी बात नहीं है)। हमारा केस सुप्रीम कोर्ट में है और जब हियरिंग होगी तो हम अपना पक्ष रखेंगे। हमें अभी तक अपना पक्ष रखने का मौका नहीं मिला है। 





आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'साहित्यिक चोरी के दोषी मुख्यमंत्री माननीय नीतीश जी के मुकुट मणि JDU के कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री श्री अशोक चौधरी की पत्नी पर बैंक से करोड़ों की धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप है,CBI जाँच कर रही है, कोर्ट में केस है। इनकी निष्कपटता देखिए। कहते है बीवी का भ्रष्टाचार Not a big deal।'