नई दिल्ली। NEET विवाद के बीच अब एक और परीक्षा कैंसिल कर दी गई है। केंद्र ने UGC-NET 2024 की परीक्षा रद्द कर दी है। 18 जून यानी कल NET की परीक्षा हुई थी। UGC को गृह मंत्रालय से पेपर आउट होने का इनपुट मिला है। ऐसे में परीक्षा की पवित्रता भंग होने का शक है। जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। मामले की जांच CBI को सौंपी गई है।



UGC NET एग्जाम देशभर की यूनिवर्सिटीज में PhD एडमिशन्स, जूनियर रिसर्च फेलोशिप यानी JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए होता है। 18 जून को यह एग्जाम OMR यानी पेन-पेपर मोड में हुआ था। यह एग्जाम भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) कराता है।





नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA पहले से ही NEET UG 2024 विवाद को लेकर आरोपों से घिरी है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने NTA को दो हफ्तों का नोटिस भी जारी किया है। इसकी अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी। इसी बीच अब UGC-NET की पेपर लीक हो गई। ऐसे में अब NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजमी है।