फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन से 1-0 की हार के बाद अर्जेंटीना में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। राजधानी ब्यूनस आयर्स के प्रतिष्ठित ओबेलिस्क स्मारक के आसपास बड़ी संख्या में जुटे फुटबॉल प्रशंसकों और दंगा-रोधी पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ढालों का सहारा लेना पड़ा। घटनास्थल से धुआं उठने की तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसकी वजह से आगजनी की आशंका जताई जा रही है। यह मुकाबला लियोनेल मेसी के करियर का आखिरी वर्ल्ड कप भी माना जा रहा था लेकिन उनकी टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने का सपना पूरा नहीं कर सकी।

मैच समाप्त होने के बाद तनाव केवल स्टेडियम के बाहर ही नहीं बल्कि मैदान पर भी दिखाई दिया था। अंतिम सीटी बजते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हाथापाई में बदल गई थी। हार से निराश अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो पेरेडेस अपना आपा खो बैठे और स्पेन के खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आए थे। वहीं, अर्जेंटीना के डिफेंडर नहुएल मोलिना ने भी आक्रामक रवैया अपनाया था। जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए थे।

यह भी पढ़ें:MP में सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश, किसानों को सता रहा फसल नष्ट होने का डर

रिपोर्ट के मुताबिक, मोलिना ने स्पेन के खिलाड़ी के पेट में मुक्का मारा और बाद में स्पेनिश कप्तान रोड्री पर भी हमला करने की कोशिश की थी। दूसरी ओर पेरेडेस ने स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया का गला पकड़कर उन्हें धक्का दिया था। इसी दौरान उन्होंने स्पेन के युवा मिडफील्डर गावी को भी जमीन पर गिरा दिया था और उनके चेहरे पर हाथ रखकर धक्का दिया और उनकी ओर अपना बूट भी चलाने की कोशिश की थी। स्थिति बिगड़ती देख अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी को बीच-बचाव के लिए मैदान में उतरना पड़ा था।

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। स्पेन के खिलाड़ियों के विश्व कप विजेता पदक और ट्रॉफी ग्रहण समारोह के दौरान भी अर्जेंटीना की टीम के व्यवहार पर सवाल उठे थे। रिपोर्ट के अनुसार, जब स्पेनिश खिलाड़ी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में ट्रॉफी और मेडल ले रहे थे तब अर्जेंटीना के अधिकांश खिलाड़ी समारोह की ओर पीठ करके खड़े रहे थे। इस घटनाक्रम को इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी स्टुअर्ट पियर्स ने भी नोट किया और इसे खेल भावना के विपरीत बताया।

यह भी पढ़ें:इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, सड़ा खाना और गंदगी मिलने पर तीन किचन सील

स्पेन ने फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, ऐतिहासिक जीत के जश्न के साथ-साथ मैच के बाद मैदान और स्टेडियम के बाहर हुई हिंसक घटनाओं ने भी इस फाइनल को लंबे समय तक चर्चा का विषय बना दिया है।