बेंगलुरु। IPL 2026 में 5 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच विवाद खड़ा हो गया है। सीएसके ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मैच के दौरान स्टेडियम में बजाए गए एक गाने और डीजे की टिप्पणियों ने उनके खिलाड़ियों का मजाक उड़ाया है।
पूरा मामला उस वक्त का है जब सीएसके की पारी शुरू होने से ठीक पहले स्टेडियम में डोसा, इडली, सांभर, चटनी वाला गाना बजाया गया था। यह गाना सोशल मीडिया पर अक्सर दक्षिण भारतीय पहचान को लेकर बनाए जाने वाले मीम्स से जुड़ा रहा है। सीएसके प्रबंधन का मानना है कि यह महज मनोरंजन नहीं बल्कि उनकी टीम और खिलाड़ियों पर तंज था।
यह भी पढ़ें:MP: राजगढ़ में बालविवाह, 9 साल के लड़के और 8 साल की बच्ची की कराई शादी
सीएसके के मैनेजिंग डायरेक्टर के.सी. विश्वनाथन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आमतौर पर डीजे का काम घरेलू टीम का उत्साह बढ़ाना होता है लेकिन इस मैच में माहौल अलग ही नजर आया था। उनके मुताबिक, खिलाड़ियों के आउट होने या मैदान पर आने के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की गई टिप्पणियां भी अनुचित थी। इसी आधार पर फ्रेंचाइजी ने बीसीसीआई को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच किए जाने की बात कही है। सीएसके ने यह भी आरोप लगाया है कि स्टेडियम में उनके समर्थकों के साथ भी ठीक व्यवहार नहीं हुआ था जिससे विवाद और गहरा गया।
यह भी पढ़ें:भोपाल में किराना व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या, गोली मारकर फरार हुए बाइक सवार हमलावर
दिलचस्प बात यह है कि इस गाने को लेकर विवाद नया नहीं है। पिछले सीजन में आरसीबी ने अपने विकेटकीपर जितेश शर्मा का एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में वह यही गाना गाते नजर आए थे। उस वक्त सीएसके फैंस ने उन्हें ट्रोल किया था लेकिन मामला ज्यादा नहीं बढ़ा था। यह गाना संगीतकार गाना अप्पू द्वारा तैयार किया गया है और समय-समय पर सीएसके और आरसीबी के बीच खेले जाने वाले मुकाबलों के साथ जुड़ता रहा है।
मैच की बात करें तो मुकाबला पूरी तरह आरसीबी के नाम रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की टीम ने 250 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। यह इस सीजन का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। जवाब में सीएसके की टीम 207 रन ही बना सकी और 43 रन से मैच हार गई थी।
यह भी पढ़ें:MP में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 42 डिग्री पार, 16 जिलों में लू का अलर्ट