Chhattisgarh Assembly Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए सात नवंबर को यानी कल मतदान होगा। पहले चरण में राज्य की 20 सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में बस्तर संभाग की सभी 12 और राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की आठ सीटों पर मतदान होगा। इन 20 सीटों पर चुनाव मैदान में कुल 223 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य का फैसला होना है।



इन 20 सीटों पर मतदान का समय-समय अलग है। 10 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक डाले जाएंगे। जबकि अन्‍य 10 सीटों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा सीट पर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा।



जबकि जगदलपुर, चित्रकूट, बस्‍तर, पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी सीट पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक का समय मतदान के लिए निर्धारित किया गया है। सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा चुनाव में वैसे तो एक-एक सीट का अपना महत्व है लेकिन संभाग की 12 में से आधी सीटें हाईप्रोफाइल मानी जा रही हैं क्योंकि यहां मंत्री, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस से वर्तमान मंत्री कवासी लखमा कोंटा और मोहन मरकाम कोंडागांव सीट से चुनाव मैदान में हैं।



छत्तीसगढ़ में 7 के बाद दूसरे चरण का 17 नवंबर को मतदान होगा। जबकि चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएगा। कांग्रेस की अगुवाई वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को पूरा हो रहा है। राज्य में 90 सीटों में से 51 सामान्य वर्ग की हैं। जबकि 10 सीटें एससी और 29 सीटें एसटी के लिए रिजर्व हैं। राज्य में कुल 2.3 करोड़ मतदाता हैं। यहां लोकसभा की 11 और राज्यसभा की 5 सीटें हैं। राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 24 हजार 109 है। साल 2018 में कांग्रेस ने यहां 68 सीटें जीतीं। बीजेपी ने 15, बीएसपी 2, जेसीसीजे 5 सीट जीती थीं।





मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना है कि भाजपा 15 सीट भी अबकी बार नहीं पाएगी। छत्तीसगढ़ियों ने ये ठान लिया है।