रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार से धान खरीद की शुरुआत हो गई है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने धान खरीद केंद्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर किसानों की सुविधा खास ख्याल रखा गया है। खरीद केंद्रों पर नजर रखने के लिए निगरानी समितियां बनाई गई हैं। ये समितियां अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण करेंगी। धान का अवैध परिवहन रोकने के लिए सीमाओं पर टीमों का गठन भी किया गया है।

एक दिसंबर से 31 जनवरी 2021 तक प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीद होगी। इसके लिए 2 हजार 305 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। 257 केंद्रों में पहली बार धान की खरीद होगी। बीते साल से 2 लाख 49 हजार ज्यादा किसानों ने धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। इस साल समर्थन पर मूल्य धान बेचने के लिए कुल 21 लाख 29 हजार 764 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है।

आपको बता दें कि पिछले दो साल के दौरान धान खरीद में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2017-18 में समर्थन मूल्य पर 56.85 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी, जो दो साल में बढ़कर 83.94 लाख मीट्रिक टन हो गया है। प्रदेश में धान बेचने वाले किसानों का रकबा भी 19.36 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है।