मुंबई। ग्लोबल मार्केट में बिकवाली और ट्रंप टैरिफ का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला था। घरेलू बाजार में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, अगले ही दिन यानी मंगलवार को शेयर मार्केट में रौनक लौट आई है। आज के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1100 (1.60%) अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 74,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। 

वहीं, निफ्टी 400 अंकों (1.70%) की बढ़त के साथ 22,550 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में बढ़त है। मेटल और ऑटो शेयर्स में ज्यादा तेजी है। मंगलवार को मार्केट में आई बढ़त ने निवेशकों को मुस्कुराने का मौका दे दिया है। 

यह भी पढ़ें: ट्रंप टैरिफ से दुनियाभर में भूचाल, कोरियन 5 फीसदी तो जापानी बाजार 8 फीसदी टूटा, भारतीय निवेशकों के 19 लाख करोड़ डूबे

निफ्टी 50 और सेंसेक्स के चार्ट ओवरसोल्ड RSI लेवल दिखा रहे हैं। इससे शॉर्ट-कवरिंग और नई खरीदारी की उम्मीद की जा रही है। NSE के इंटरनेशनल एक्सचेंज पर ट्रेड होने वाला गिफ्टी निफ्टी भी 1.5% ऊपर है। ये बाजार के ऊपर खुलने का संकेत देता है। 

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 6% चढ़कर कारोबार कर रहा है। सोमवार को इसमें लगभग 8% की गिरावट आई। वहीं हॉन्गकॉन्ग के इंडेक्स में 2% की तेजी है।

इससे पहले 7 अप्रैल को अमेरिका का डाउ जोन्स 349 अंक (0.91%) गिरकर 37,965 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स में 0.23% की गिरावट रही। नैस्डेक कंपोजिट 0.09% चढ़ा था। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स इंडेक्स 4.26% गिरकर बंद हुआ। UK के FTSE 100 इंडेक्स में 4.38% और स्पेन का IBEX 35 इंडेक्स 5.12% गिरकर बंद हुआ था।

7 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में साल की दूसरी बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 2226 अंक (2.95%) गिरकर 73,137 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 742 अंक (3.24%) की गिरावट रही, ये 22,161 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले 4 जून 2024 को बाजार 5.74% गिरा था।