धार। मध्य प्रदेश के धार जिले की रहने वाली रुचि राजेश बाजपेयी का च़यन भारतीय नौसेना में हुआ है। सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (SSB) इंटरव्यू पास करने के बाद वह भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित हुईं हैं। उनके चयन से पूरा धार जिला गर्व महसूस कर रहा है।  


रुचि एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी स्कूली शिक्षा सेंट जॉर्ज स्कूल धार से हुई है। इसके बाद वे कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल करने के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज, देहरादून चली गईं। रूचि ने अपने स्पेशलाइजेशन सब्जेक्ट फोरेंसिक में भी 83% अंक प्राप्त किए थे। 

रुचि बताती हैं कि वह हमेशा से ही सेना में जाना चाहती थीं। इसलिए कॉलेज से पास आउट होने के बाद से ही उन्होंने अपने लक्ष्य की तैयारी शुरू कर दी थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरा करने के बाद सेना में करियर बनाने की उनकी महत्वाकांक्षा ने उन्हें परीक्षा में बैठने के लिए प्रेरित किया। 

रुचि ने अपने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर ली। इसके बाद वे कर्मचारी चयन बोर्ड इंटरव्यू में भी सफल रहीं और भारतीय नौसेना में शामिल होने के लिए चुनी गईं। अब वह 20 अगस्त से शुरू होने वाली अपनी ट्रेनिंग के लिए केरल जाएंगी। उनकी इस उपलब्धि पर एक्सीलेंस स्कूल और सेंट जॉर्ज स्कूल धार के पूरे स्टाफ ने उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।