वॉशिंगटन। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ एक बार फिर से मिलिट्री स्ट्राइक शुरू करने की तैयारी कर रहा है। यह योजना ऐसे समय में बन रही है, जब मध्यस्थों के जरिए दोनों पक्षों के बीच तनाव खत्म करने पर बातचीत चल रही है। हालांकि, अमेरिकी समयानुसार शुक्रवार शाम तक हमले को लेकर कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया था। इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वीकेंड पर न्यू जर्सी के गोल्फ प्रॉपर्टी पर रुकने का प्लान कैंसल कर दिया है। CBS न्यूज ने बताया कि वे वॉइट हाउस लौट रहे हैं।
CBS न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी सेना और खुफिया विभाग के कुछ सदस्यों ने संभावित हमलों को देखते हुए मेमोरियल डे के वीकेंड के लिए अपने प्लान कैंसल कर दिए हैं। रक्षा और खुफिया अधिकारियों ने विदेशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों के लिए रिकॉल रोस्टर अपडेट करना शुरू कर दिया है, क्योंकि मध्य पूर्व में तैनात सैनिकों के जत्थे क्षेत्र से बाहर निकल रहे हैं। यह ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई से पहले क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी कम करने के प्रयासों का हिस्सा है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने CBS न्यूज को बताया कि ट्रंप ने अपनी रेडलाइन पूरी तरह से साफ कर दी है। ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं रख सकता और वे संवर्धित यूरेनियम को अपने पास नहीं रख सकते। राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार कहा है कि अमेरिका ईरान के संवर्धित यूरेनियम को हासिल करेगा। केली ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप हमेशा हर समय सभी विकल्प खुले रखते हैं और पेंटागन का काम है कि वह कमांडर-इन-चीफ के किसी भी फैसले को लागू करने के लिए तैयार रहे। राष्ट्रपति ने साफ कर दिया है कि अगर ईरान डील करने में नाकाम रहता है, तो उसके क्या नतीजे होंगे।
इसके पहले बुधवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका या इजरायल ने देश पर और हमले किए तो यह संघर्ष मध्य-पूर्व से भी आगे फैल सकता है। IRGC ने धमकी की वह ऐसी जगह पर हमले करेगी, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।