भारत से तनाव के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में 10 पाक सैनिकों के मारे जाने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि बलूच लड़ाकों ने 10 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है। BLA ने शुक्रवार को बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली।
BLA ने कहा कि उसके फ्रीडम फाइटर्स ने पाकिस्तानी सेना के काफिले को रिमोट कंट्रोल्ड IED के जरिए निशाना बनाया है। यह हमला हमारी आजादी की लड़ाई का हिस्सा है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक क्वेटा से लगभग 30 किमी मार्गट चौकी के पास सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया। BLA ने कहा कि दुश्मन के खिलाफ हमारा ऑपरेशन तेजी से जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म से लड़ने के लिए हम प्रतिबद्ध, पहलगाम हमले पर कांग्रेस कार्यसमिति का प्रस्ताव
यह हमला मार्गाट क्षेत्र में हुआ, जहां बम निरोधक दस्ते के वाहन को निशाना बनाया गया था। बीएलए के प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि की है और बताया है कि उनके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के काफिले पर सफलतापूर्वक हमला किया। विस्फोट के तुरंत बाद, बीएलए ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें एक सुदूर और पहाड़ी इलाके में हुए हमले को दिखा जा सकता है।
बता दें कि बलूच लिबरेशन आर्मी ने पिछले महीने बलूचिस्तान के क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर उसे हाईजैक कर लिया था। ट्रेन में लगभग 450 पैसेंजर सवार थे। BLA ने जेल में बंद बलूच कार्यकर्ताओं, राजनैतिक कैदियों, गायब लोगों, लड़ाकों और अलगाववादियों की बिना शर्त रिहाई की मांग की थी।
इसके बाद पाकिस्तानी सेना और बलूच लड़ाकों के बीच 48 घंटे लड़ाई चली थी। पाकिस्तानी सेना दावा किया था कि 33 बलूच लड़ाके मारे गए हैं और सभी बंधकों को रिहा करा लिया गया। जबकि बलूच लड़ाकों ने 100 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया था।